
राजनांदगांव,। शहर के बीच पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बिल्कुल सामने फ्लाई ओव्हर के ऊपर सुबह लगभग 4 बजे एक ट्रक चालक की अन्य वाहन से आगे निकलने के चक्कर में जान चली गयी। तीव्रगति से वाहन चला रहे चालक ने अपने सामने वाले कंटेनर से आगे निकलने के प्रयास से कंटेनर के पीछे वाहन घुसा दिया। मौके पर ही ट्रक चालक की मौत हो गयी।
कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत एसपी कार्यालय के सामने फ्लाई ओव्हर के ऊपर दर्दनाक सड़क हादसे में एक ट्रक चालक की जान चली गयी। ट्रक के भी परखच्चे उड़ गये। दुर्घटना सुबह लगभग 4 बजे के आसपास हुई।महाराष्ट्र के भंडारा के सीतापुर के रहने वाले चालक ने साईड लेने की होड में सामने जा रहे कंटेनर को पीछे से जोरदार ठोकर मार दी। हादसे में चालक की मौत हो गई। सोमवार तड़के हुए इस हादसे की खबर के बाद कोतवाली पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे।
चालक की मौके पर ही मौत होने के बाद पुलिस ने घटना की जांच शुरू की। जानकारी के अनुसार चालक रंजीत राव घरेलू उत्पाद से भरे सामान लेकर एक ट्रक से नागपुर से दुर्ग के लिए रवाना हुआ था। इस दौरान लगभग 3 से 4 बजे के बीच जब ट्रक फ्लाई ओवर से गुजर रही थी, उस वक्त एक कंटेनर भी वहां से जा रहा था। साईड लेने की होड़ में चालक रंजीत राव ने कंटेनर को जोरदार ठोकर मार दी।
टक्कर से ट्रक का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं मौके पर ही ट्रक चालक ने दम तोड़ दिया। इस संबंध में ट्रक मालिक सईद खान ने बताया कि साईड लेने फेर में यह हादसा हुआ है। ट्रक में खाद्य सामान भरा हुआ है। कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी है। चालक के परिजन भी पहुंच गए हैं।









































