
राजनांदगांव। शहर के बसंतपुर थाना क्षेत्र स्थित स्टार सिटी के सामने एक सूने मकान में अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर करीब 3 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर बसंतपुर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305 एवं 331(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी मोती लाल साहू पिता भगत राम साहू (64 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह परिवार सहित 11 जुलाई 2026 को रिश्तेदारी में गया हुआ था। 17 जुलाई की सुबह करीब 7:30 बजे घर लौटने पर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। घर के अंदर अलमारी और सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर सोने-चांदी के आभूषण तथा करीब 25 हजार रुपये नकद सहित कुल लगभग 3 लाख रुपये की संपत्ति चोरी होना पाया गया।

एफआईआर के अनुसार, चोरी की घटना 13 जुलाई की रात से 17 जुलाई की सुबह के बीच हुई है। सूचना मिलने पर बसंतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी है।










































