back to top

राजनांदगांव: बायपास रोड पर दुर्घटना रोकथाम के लिए यातायात पुलिस का विशेष इंतजाम, सुरक्षा स्टॉपर व चेतावनी बोर्ड लगाए…

राजनांदगांव। शहर में बढ़ते यातायात दबाव और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए यातायात पुलिस ने बायपास रोड पर विशेष सुरक्षा उपाय लागू किए हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं यातायात प्रभारी नवरत्न कश्यप के नेतृत्व में की गई।

Advertisements


जानकारी के अनुसार, सीआईडी चौक एवं ट्रांसपोर्ट नगर चौक से भारी वाहनों का डायवर्सन किया जा रहा है, ताकि बायपास मार्ग पर दबाव कम किया जा सके। बायपास रोड स्थित शराब भट्टी के आसपास अधिक भीड़भाड़ और वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही के कारण विशेषकर रात्रि में दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। कम दृश्यता के चलते जोखिम और बढ़ जाता है।


स्थिति को गंभीरता से लेते हुए यातायात पुलिस ने सड़क किनारे सुरक्षा स्टॉपर लगाए हैं तथा रात्रि में स्पष्ट दृश्यता सुनिश्चित करने के लिए उन पर रेडियम पट्टियां चस्पा की गई हैं। वाहन चालकों को सतर्क करने हेतु “धीरे चलें”, “ओवरटेक न करें” एवं “ओवर स्पीड न चलें” संबंधी चेतावनी साइन बोर्ड स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा फ्लाईओवर के दोनों ओर लोहे के खंभों पर भी रेडियम पट्टियां लगाई गई हैं, ताकि रात में मार्ग स्पष्ट दिखाई दे।


यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि बायपास मार्ग पर निर्धारित गति सीमा का पालन करें, अनावश्यक ओवरटेकिंग से बचें, अपने लेन में वाहन चलाएं तथा शराब सेवन कर वाहन न चलाएं। नियमों का पालन कर ही स्वयं और अन्य राहगीरों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।

Advertisements

You cannot copy content of this page