back to top

राजनांदगांव : मवेशी चराने की बात पर विवाद, मारपीट पर उतारू युवक के खिलाफ डोंगरगढ़ पुलिस की कार्रवाई…

शांति भंग होने की आशंका पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, एसडीएम न्यायालय में किया गया पेश

राजनांदगांव। दीपावली पर्व के मद्देनजर क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने डोंगरगढ़ पुलिस द्वारा असामाजिक तत्वों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में मवेशी चराने की बात को लेकर विवाद और मारपीट पर उतारू होने वाले एक युवक के खिलाफ पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 7 नवंबर को हुमन पटेल (22 वर्ष), निवासी ग्राम देवकट्टा का सुकलाल पटेल के साथ विवाद हो गया। बताया गया कि सुकलाल पटेल लतर्रा के जंगल में मवेशी चराने गया था।

इसी दौरान हुमन पटेल ने मवेशी चराने की बात को लेकर उससे वाद-विवाद शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद पुलिस ने युवक को समझाइश देने का प्रयास किया, लेकिन वह आक्रोशित होकर विवाद करते हुए मारपीट पर उतारू हो गया।

स्थिति को देखते हुए पुलिस ने शांति भंग होने की आशंका पर हुमन पटेल के विरुद्ध धारा 170, 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की और उसे एसडीएम न्यायालय के समक्ष पेश किया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी डोंगरगढ़ केसरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी रामेश्वर प्रसाद देशमुख के नेतृत्व में की गई।

पुलिस द्वारा क्षेत्र में लगातार गश्त, पेट्रोलिंग, नाकाबंदी तथा होटल-ढाबों की जांच की जा रही है। साथ ही असामाजिक तत्वों एवं अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई कर शांति व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।