back to top

राजनांदगांव: बाल दिवस पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने बच्चों को दी अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता की हॉकी स्टिक…

रुद्राक्षम् वेलफेयर सोसाइटी की आधिकारिक जर्सी का डॉ. रमन सिंह ने किया अनावरण

Advertisements

राजनांदगाँव के बच्चों ने बाल दिवस पर पाया खेल प्रोत्साहन का बहुमूल्य उपहार

अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मृणाल चौबे के मार्गदर्शन में सैकड़ों बच्चों को निःशुल्क हॉकी प्रशिक्षण

राजनांदगाँव । बाल दिवस के अवसर पर राजनांदगाँव के बच्चों के लिए यह दिन बेहद खास रहा। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और पूर्व सांसद अभिषेक सिंह की उपस्थिति में बच्चों को हॉकी स्टिक उपहार में प्रदान की गईं। इस प्रेरणादायी पहल ने बच्चों में खेल के प्रति उत्साह और नई ऊर्जा का संचार किया।

डॉ. रमन सिंह ने बाल खिलाड़ियों को उच्च गुणवत्ता वाली फ्लैश हॉकी स्टिक भेंट की, वही स्टिक जिससे भारतीय टीम के खिलाड़ी भी खेलते हैं। उन्होंने बच्चों को मिठाई खिलाई और भोजन करवाया, जिससे कार्यक्रम और भी आत्मीय एवं यादगार बन गया।

इस अवसर पर डॉ. रमन ने रुद्राक्षम् वेलफेयर सोसाइटी की आधिकारिक प्लेयर्स जर्सी का भी अनावरण किया। ऑरेंज रंग की यह जर्सी ताकत, साहस, शांति और सद्भाव का प्रतीक है। चीखली स्कूल मैदान में अभ्यासरत सभी खिलाड़ियों को यह जर्सी और स्पोर्ट्स सॉक्स निःशुल्क प्रदान किए जाएंगे।

बाल दिवस के इस आयोजन में बच्चों ने स्पीकर हाउस का भ्रमण किया और विधानसभा अध्यक्ष से मिलकर विशेष उत्साह और रोमांच का अनुभव किया। पूर्व सांसद अभिषेक सिंह की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा और उत्साह को और बढ़ा दिया।

रुद्राक्षम् वेलफेयर सोसाइटी की पहल पर, राजनांदगाँव के पटरी पार क्षेत्र स्थित चीखली स्कूल मैदान में प्रतिदिन सुबह 5 बजे से अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी एवं एनआईएस गोल्ड मेडलिस्ट कोच मृणाल चौबे के मार्गदर्शन में निःशुल्क हॉकी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस पहल से श्रमिक बाहुल्य क्षेत्र के सैकड़ों उभरते खिलाड़ी – खेल, शिक्षा, अनुशासन, स्वास्थ्य और नशा से दूरी जैसे मूल्यों पर केंद्रित होकर सर्वांगीण विकास की ओर अग्रसर हो रहे हैं

इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मृणाल चौबे ने कहा कि, “डॉ. रमन सिंह ने राजनांदगाँव में विश्वस्तरीय खेल अधोसंरचना विकसित की है। वे खेल और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ते। बच्चों को कम उम्र में ही उच्च गुणवत्ता की खेल सामग्री उपलब्ध कराना उनका खेलप्रेम दर्शाता है।”

वरिष्ठ जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवी सुनील साहू ने डॉ. रमन सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि चीखली मैदान में अभ्यासरत सभी खिलाड़ियों को जर्सी और सॉक्स निःशुल्क प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि मृणाल चौबे के मार्गदर्शन में यहाँ के खिलाड़ी मेहनत कर खेलो इंडिया तथा भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) जैसी संस्थाओं में चयनित होकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

कार्यक्रम में रुद्राक्षम् वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष विष्णु नन्द चौबे , वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ी पप्पू यादव और पंकज भी उपस्थित रहे।

Advertisements

You cannot copy content of this page