राजनांदगांव: बुजुर्ग महिला से 5.42 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार…


राजनांदगांव। थाना लालबाग पुलिस ने बुजुर्ग महिला के साथ धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी ने रकम को कम समय में दोगुना करने का झांसा देकर महिला से 5 लाख 42 हजार रुपये की ठगी की थी।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना लालबाग में अपराध क्रमांक 165/2026 धारा 420, 467 एवं 468 भादवि के तहत मामला दर्ज किया गया था। प्रार्थिया फगनी बाई साहू उम्र 65 वर्ष निवासी चमारराय टोलागांव थाना लालबाग ने शिकायत दर्ज कराई थी कि महेश राम वर्मा निवासी मोतीपुर तालाब के पास वार्ड क्रमांक 02 थाना कोतवाली राजनांदगांव ने स्वयं को निवेश और बीमा कार्य से जुड़ा होना बताते हुए वर्ष 2014, 2022 और 2023 में किश्तों के माध्यम से कुल 5 लाख 42 हजार रुपये लिए थे।


आरोपी ने रकम निवेश कर दोगुना लाभ दिलाने का भरोसा दिलाया और महिला को विभिन्न बांड पेपर एवं दस्तावेज भी दिए। बाद में दस्तावेज फर्जी पाए गए और महिला को ठगी का एहसास हुआ, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के मार्गदर्शन में थाना लालबाग पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी महेश राम वर्मा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने महिला से रकम लेना स्वीकार किया। जांच के दौरान फर्जी दस्तावेजों के जरिए धोखाधड़ी करने के पर्याप्त साक्ष्य भी मिले।


पुलिस ने आरोपी को 7 मई 2026 को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले की विवेचना जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश पटेल, उप निरीक्षक प्रमोद श्रीवास्तव, सहायक उप निरीक्षक ए.पी. शीला, आरक्षक कमल किशोर यादव एवं बर्मा प्रसाद की सराहनीय भूमिका रही।