राजनांदगांव : मां बमलेश्वरी पदयात्रियों की सेवा में जुटी कौमी एकता समिति…

➡️ भक्ति संग भाईचारा

राजनांदगांव। मां बमलेश्वरी धाम डोंगरगढ़ की ओर जा रहे हजारों पदयात्रियों की सेवा के लिए कौमी एकता समिति ने इस वर्ष भी परंपरा निभाते हुए नि:शुल्क सेवा शिविर की शुरुआत कर दी है। शहर के तुलसीपुर संगम चौक में समिति द्वारा यात्रियों के लिए भोजन, पानी और आराम की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। पिछले 16 वर्षों से लगातार यह सेवा अभियान अनवरत रूप से चल रहा है जो आज राजनांदगांव की विशेष पहचान बन चुका है।

श्रद्धालुओं को इस सेवा से बड़ी राहत मिलती है और समिति की यह पहल अब शहर की सामाजिक एकता का प्रतीक बन गई है।


समिति अध्यक्ष मिर्जा हबीब बेग ने बताया कि यह सेवा केवल आस्था का ही नहीं बल्कि भाईचारे और कौमी एकता का प्रतीक है। समिति हर साल यह सेवा कार्य दो बार करती है ताकि अधिक से अधिक पदयात्रियों को लाभ मिल सके। समिति के सभी पदाधिकारी और सदस्य पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ सेवा कार्य में लगे हुए हैं।

इसमें मुख्य रूप से मिर्जा हबीब, मोनू बहादुर, गोलू सूर्यवंशी, जैकी कुरैशी, प्रदीप यादव, रूबी मानिकपुरी, सोनू साहू, दिलीप साहू, सुमित तुकाराम, जावेद, यादराम साहू, महेश, संतोष परिहार, राजू निर्मलकर सहित अन्य सक्रिय सदस्य अपना योगदान दे रहे हैं। कौमी एकता समिति का यह प्रयास केवल श्रद्धालुओं की सेवा तक सीमित नहीं है बल्कि समाज में आपसी सहयोग, सद्भाव और कौमी एकता का संदेश भी देता है। इस सेवा कार्य में हर वर्ग और हर समुदाय के लोग शामिल होकर इसे और खास बना रहे हैं। यह राजनांदगांव शहर के लिए सचमुच गर्व की बात है।