back to top

राजनांदगांव : मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर किया अटल पंचायत डिजिटल सुविधा केंद्र का शुभारंभ…

जल संरक्षण के लिए दिलाई ऑनलाइन शपथ*

Advertisements

ग्राम गठुला के पंचायत प्रतिनिधि एवं ग्रामीण वर्जुअल माध्यम से कार्यक्रम जुड़े

राजनांदगांव 25 अप्रैल 2025। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को एक नई सौगात देते हुए अटल डिजिटल सुविधा केंद्र का वर्चुअल माध्यम से शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने जल संरक्षण एवं संवर्धन जैसे महत्वपूर्ण विषय पर प्रदेश के सभी ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों को ऑनलाइन माध्यम से शपथ दिलाई। जिले के जनपद पंचायत राजनांदगांव अंतर्गत आने वाले ग्राम गठुला से ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधि एवं ग्रामीण वर्जुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े रहे। 

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि डिजिटल सुविधा केंद्रों की स्थापना से पंचायत स्तर पर प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, गति और सरलता आएगी। यह केंद्र ग्रामीणों को शासकीय सेवाओं और योजनाओं का लाभ उनके द्वार तक पहुंचाने में सहायक सिद्ध होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल गांवों को डिजिटल सशक्तिकरण की ओर ले जाने वाला एक मजबूत कदम है।

अब पंचायत स्तर पर सेवाओं का डिजिटल रूप से लाभ उठाया जा सकेगा, जिससे ग्रामीण जनता को विभिन्न प्रमाण-पत्र, योजनाओं की जानकारी और अन्य प्रशासनिक सुविधाएं समय पर और सुलभ रूप से प्राप्त होगी। कार्यक्रम के माध्यम से तकनीक और पारदर्शिता के समन्वय से ग्राम पंचायतों को आत्मनिर्भर और सुशासित बनाने का संदेश दिया गया। ग्राम गठुला के ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक मुख्यमंत्री के संदेश को सुना।

सभी ने मुख्यमंत्री द्वारा दिलाई गई जल संकल्प शपथ को दोहराया और जल स्त्रोतों के संरक्षण, संवर्धन तथा सतत उपयोग की दिशा में कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर अध्यक्ष जनपद पंचायत राजनांदगांव, जिला एवं जनपद पंचायत के सदस्य, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री सुरूचि सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।

Advertisements

You cannot copy content of this page