back to top

राजनांदगांव में देर रात पुलिस का मेगा कॉम्बिंग ऑपरेशन, 89 असामाजिक तत्वों की हुई जांच…

राजनांदगांव पुलिस ने शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के उद्देश्य से व्यापक कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन में सोमवार रात 9 बजे से देर रात तक चले इस अभियान में 110 पुलिसकर्मियों की चार विशेष टीमों ने शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ सघन जांच और तस्दीक की।

Advertisements

अभियान के दौरान पांच राजपत्रित अधिकारियों के नेतृत्व में 11 निरीक्षक, दो उप निरीक्षक और पुलिस बल की विशेष टीमों ने गुंडा बदमाश, निगरानी बदमाश, माफी बदमाश, स्थायी वारंटी और अपराध प्रवृत्ति वाले किशोरों सहित कुल 89 असामाजिक तत्वों की जांच की। पुलिस ने चिन्हित व्यक्तियों के घर पहुंचकर उनकी तस्दीक की और भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने की सख्त हिदायत दी।

कॉम्बिंग गश्त थाना कोतवाली, बसंतपुर, लालबाग और चौकी चिखली क्षेत्र में संचालित की गई। बसंतपुर थाना क्षेत्र के कुआं चौक, नंदई चौक, इंदिरा नगर, क्लब चौक, शिवनगर और बंगाली चॉल सहित विभिन्न इलाकों में 20 लोगों की जांच की गई। वहीं चिखली क्षेत्र के सोलाखोली, नवागांव, बापूटोला, स्टेशनपारा, गौरीनगर और मोतीपुर में 25 असामाजिक तत्वों का सत्यापन किया गया।

इसी तरह कोतवाली थाना क्षेत्र के लखोली सहित अन्य इलाकों में 16 तथा लालबाग थाना क्षेत्र के पेंड्री बस्ती और पेंड्री अटल आवास में 28 लोगों की जांच कर उनकी गतिविधियों पर निगरानी रखी गई। पुलिस ने सभी को समय पर घर में रहने, अनावश्यक रूप से बाहर न घूमने और शराब के सेवन के बाद विवाद या झगड़ा नहीं करने की चेतावनी भी दी।

राजनांदगांव पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में सक्रिय असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। भविष्य में किसी भी व्यक्ति के आपराधिक गतिविधियों में शामिल पाए जाने पर उसके विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Advertisements

You cannot copy content of this page