
राजनांदगांव। डोंगरगढ़ पुलिस ने रक्षा बंधन के अवसर पर राहगीरों और महिलाओं को परेशान करने वाले युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा और अनुविभागीय अधिकारी (डोंगरगढ़) आशीष कुंजाम के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक उपेंद्र कुमार शाह अपनी टीम के साथ लगातार गश्त कर क्षेत्र में असामाजिक तत्वों पर नजर रख रहे हैं। इसी अभियान के तहत 9 अगस्त 2025 को आरोपी केशव सोनी (27 वर्ष), निवासी दंतेश्वरी पारा, वार्ड क्रमांक 02, बंशी किराना स्टोर्स के सामने रक्षा बंधन के दिन महिलाओं और राहगीरों को परेशान करते हुए, हो-हल्ला और गाली-गलौज कर रहा था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 170, 126, 135 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्यवाही कर उसे एसडीएम न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे जेल भेजा गया।
डोंगरगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।









































