
राजनांदगांव – भारत में खेल के क्षेत्र में दिए जाने वाला सर्वोच्च पुरस्कार राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार को केंद्र शासन ने मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार के नाम से घोषित किया है, जिसके बाद खिलाड़ियों में हर्ष का माहौल है। खिलाड़ियों का कहना है कि खेल रत्न पुरस्कार किसी खिलाड़ी के नाम से दिया जाना एक खिलाड़ी के लिए गर्व का विषय है, जिससे खिलाड़ी को भी यह प्रेरणा मिलती है कि भविष्य में वह भी अपने बेहतर खेल का प्रदर्शन करें ताकि उनके नाम से भी पुरस्कार मिल सके। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के नाम से किए गए इस खेल रत्न पुरस्कार पर खिलाड़ियों ने केंद्र सरकार का आभार जताया है।

खेल जगत का सर्वोच्च पुरस्कार खेल रत्न मेजर ध्यानचंद के नाम से किये जाने से खिलाड़ियों में उत्साह है। वहीं मेजर ध्यानचंद को भारत रत्न देने की मांग भी खिलाड़ियों ने की है। लगभग 41 वर्ष बाद ओलंपिक हॉकी में भारत ने गुरुवार को पदक हासिल किया हैं वहीं अब हॉकी को एक और सम्मान देते हुए अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के नाम से खेल रत्न दिया जाना हॉकी के क्षेत्र के लिए एक बड़ा सम्मान है।









































