राजनांदगांव: राजीव नगर में मकान में लगी आग, स्थानीय लोगों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा…

राजनांदगांव। शहर के बसंतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत राजीव नगर वार्ड में रविवार को एक मकान में अचानक आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घटना लक्ष्मी टेंट हाउस के पास स्थित गली की है, जहां मकान से अचानक धुआं और आग की लपटें उठती देख आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।


आग की सूचना मिलते ही स्थानीय रहवासियों ने तत्परता दिखाते हुए अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। लोगों की सतर्कता और सामूहिक प्रयासों से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। क्षेत्र घनी आबादी वाला होने के कारण आग के आसपास के मकानों तक फैलने की आशंका बनी हुई थी।


घटना के बाद दमकल विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि सूचना दिए जाने के बावजूद खबर लिखे जाने तक दमकल विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची थी। लोगों का कहना है कि यदि आग पर समय रहते नियंत्रण नहीं पाया जाता तो भारी जन-धन हानि हो सकती थी।


फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस एवं संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं। वहीं इस घटना ने आपातकालीन सेवाओं की तत्परता और उपलब्धता को लेकर एक बार फिर चर्चा छेड़ दी है।