back to top

राजनांदगांव: देवी-देवताओं के चित्र वाले पटाखे नहीं बेचने की दी चेतावनी, विश्व हिन्दू परिषद कार्यकर्ताओं ने किया दुकानों का निरीक्षण…

राजनांदगांव। दीपावली पर्व के मद्देनजर विश्व हिंदू परिषद (VHP) के कार्यकर्ताओं ने शहर के मुनिसपाल स्कूल ग्राउंड में लगी पटाखा दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पटाखों के डिब्बों एवं पैकेटों पर हिंदू देवी-देवताओं के चित्रों की जांच की और दुकानदारों को ऐसे पटाखों की बिक्री नहीं करने की चेतावनी दी।

निरीक्षण के दौरान VHP कार्यकर्ताओं ने दुकानदारों से कहा कि पटाखों के पैकेट या रैपर पर देवी-देवताओं के चित्रों का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। उनका कहना था कि पटाखे फोड़ने के बाद उनके रैपर और डिब्बे सड़कों, गलियों एवं सार्वजनिक स्थानों पर बिखर जाते हैं। ऐसे में देवी-देवताओं के चित्र वाले पैकेट कचरे में पड़े दिखाई देते हैं, जिससे श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था आहत होती है।

शिव वर्मा, अध्यक्ष नगर विश्व हिंदू परिषद राजनांदगांव ने कहा कि दीपावली आस्था, श्रद्धा और उल्लास का पर्व है। देवी-देवताओं के चित्र हमारे लिए पूजनीय हैं। पटाखे फोड़ने के बाद उनके रैपर और डिब्बे इधर-उधर फेंक दिए जाते हैं, जिससे उन पर अंकित देवी-देवताओं के चित्रों का अनादर होने की स्थिति बनती है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने पटाखा दुकानों का निरीक्षण किया और दुकानदारों से ऐसे पटाखे नहीं बेचने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सभी व्यापारी धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए इस दिशा में सहयोग करें।

कार्यकर्ताओं ने दुकानदारों से अपील की कि वे पटाखों की बिक्री करते समय धार्मिक प्रतीकों एवं देवी-देवताओं के सम्मान का विशेष ध्यान रखें, ताकि दीपावली का पर्व सौहार्द और श्रद्धा के साथ मनाया जा सके।