back to top

राजनांदगांव रेलवे स्टेशन पर लगा मिस्ट कूलिंग सिस्टम, यात्रियों को गर्मी से राहत…

राजनांदगांव। भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान के बीच यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए राजनांदगांव रेलवे स्टेशन पर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे नागपुर मंडल द्वारा अत्याधुनिक मिस्ट कूलिंग सिस्टम की सुविधा शुरू की गई है। इस पहल से प्लेटफॉर्म पर ट्रेन का इंतजार करने वाले यात्रियों को गर्मी और उमस से काफी राहत मिल रही है।

Advertisements

गर्मी के मौसम में तेज धूप और बढ़ती उमस के कारण यात्रियों को लंबे समय तक प्लेटफॉर्म पर इंतजार करना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में रेलवे द्वारा लगाया गया मिस्ट कूलिंग सिस्टम प्लेटफॉर्म के वातावरण को ठंडा बनाए रखने में मदद कर रहा है। सिस्टम के माध्यम से पानी की बेहद महीन फुहारें छोड़ी जाती हैं, जिससे आसपास के क्षेत्र का तापमान कम महसूस होता है और यात्रियों को ठंडक का अहसास होता है।

विशेष रूप से महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को इस सुविधा से अधिक लाभ मिल रहा है। ट्रेन लेट होने की स्थिति में भी यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर खड़े रहने में पहले की तुलना में अधिक राहत महसूस हो रही है।

जानकारी के अनुसार जैसे ही प्लेटफॉर्म पर ट्रेन पहुंचती है, मिस्ट फव्वारे चालू हो जाते हैं और यात्रियों को तत्काल ठंडक का अनुभव होता है। रेलवे की इस पहल को यात्रियों द्वारा सराहा जा रहा है। यात्रियों का कहना है कि भीषण गर्मी के बीच यह सुविधा काफी राहत देने वाली साबित हो रही है।

रेलवे प्रशासन का यह प्रयास यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और उनकी यात्रा को अधिक आरामदायक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Advertisements

You cannot copy content of this page