back to top

राजनांदगांव: लड़ाई-झगड़े और हंगामे पर कोतवाली पुलिस सख्त, आरोपी को भेजा जेल…

राजनांदगांव में शांति व्यवस्था भंग करने वाले एक व्यक्ति के खिलाफ सिटी कोतवाली पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी पर अपनी पत्नी के साथ विवाद और पुलिस के सामने हंगामा करने का आरोप है।

Advertisements

पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक श्री अलेक्जेंडर किरों के पर्यवेक्षण में जिले में असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में सिटी कोतवाली पुलिस को ममता नगर निवासी इब्राहिम खान के खिलाफ उसकी पत्नी द्वारा लड़ाई-झगड़ा और मारपीट की शिकायत मिली थी। शिकायत पर पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर समझाइश देने गई थी।

पुलिस के अनुसार, पुलिस को देखकर आरोपी अपनी पत्नी से शिकायत करने को लेकर विवाद करने लगा और गाली-गलौज करते हुए हंगामा करने लगा। आसपास मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों द्वारा समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन वह नहीं माना और काफी उत्तेजित होकर विवाद करने लगा।

स्थिति को देखते हुए पुलिस ने इब्राहिम खान को बीएनएसएस की धारा 170 के तहत गिरफ्तार किया। इसके बाद धारा 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उसे कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक उपेन्द्र शाह, सहायक उप निरीक्षक इसराफिल खान सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने कहा है कि जिले में शांति व्यवस्था बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Advertisements

You cannot copy content of this page