राजनांदगांव : लापता पूर्व पार्षद का मिला शव…

राजनांदगांव डोंगरगढ़ । बीते दस दिनों से लापता नगर के पूर्व पार्षद की खेत में शव मिलने से हड़कंप मच गया है। शव बुरी तरह से सड़ चुका है। ऐसे में हत्या हुई या उन्होंने खुदकुशी की है, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही आगे कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस से मिली जानकारी अनुसार स्थानीय वार्ड नंबर 8 छीरपानी के पूर्व पार्षद रोशन साहू पिता बृज लाल साहू (38 वर्ष) का शव वाटर वर्ल्ड के पीछे प्रभु भाई परमार के खेत में मिलने से आसपास में हड़कंप मच गया। भूतपूर्व पार्षद एवं श्री बालाजी लाज के संचालक रोशन साहू बीते 10 दिन से लापता थे।

इसके बाद से उसका कुछ पता नहीं चल रहा था। परिजनों ने गुमशुदगी भी दर्ज कराई थी। इसके बाद से ही पुलिस उसे तलाश रही थी। इसी बीच गुरुवार सुबह छिरपानी में ग्रामीणों ने खेत में एक शव पड़ा देखा।वह काफी सड़ चुका था। इस पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। शव पर मिले कपड़े और गुमशुदा के हुलिए को देख पुलिस ने परिजनों को सूचना दी।

उसके छोटे भाई ने हाथ के कड़े एवं स्वयं के पहने कपड़े को देखकर शिनाख्त की पुलिस ने क्षत-विक्षत अवस्था में पड़े शव का पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर सीआरपीसी की धारा 174 के तहत कार्यवाही कर रही हैं।