back to top

राजनांदगांव : शारदा तिवारी को मिला पांचवां ‘राजनांदगांव रत्न’ सम्मान…

45 सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं की उपस्थिति में हुआ सम्मान, पं. विनोद गोस्वामी के प्रवचन, गरबा और भंडारा का आयोजन

राजनांदगांव। श्री बागेश्वर मंदिर धर्मार्थ ट्रस्ट एवं मां बमलेश्वरी देवी पदयात्री संयुक्त सेवा पंडाल के तत्वावधान में आयोजित संस्कार सेवा नवरात्रि महोत्सव के अंतर्गत समाजसेवी शारदा तिवारी को पांचवें ‘राजनांदगांव रत्न’ सम्मान से सम्मानित किया गया।

श्री बागेश्वर धाम उत्सव भवन में आयोजित समारोह में 45 सामाजिक, धार्मिक एवं सेवा संस्थाओं के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में उन्हें प्रतीक चिह्न, शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम में भागवताचार्य पं. विनोद बिहारी गोस्वामी का प्रवचन, माता की आराधना स्वरूप गरबा नृत्य, कन्या पूजन और विशाल भंडारा भी आयोजित किया गया।

शारदा तिवारी राजनांदगांव की बेटी हैं और लंबे समय से सामाजिक, धार्मिक एवं जनसेवा के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वे कस्तूरबा महिला मंडल, लायंस क्लब, लिनेस क्लब, मनोकामना सेवा संस्था सहित अनेक संगठनों के माध्यम से निःस्वार्थ सेवा करती रही हैं। जनप्रतिनिधि के रूप में दो बार पार्षद रह चुकीं तिवारी प्रदेश महिला कांग्रेस की उपाध्यक्ष सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर भी अपनी जिम्मेदारी निभा चुकी हैं। उनके सामाजिक एवं धार्मिक योगदान को देखते हुए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।

समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन, माता की आरती और श्रीमती प्रज्ञा गुप्ता द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य गीत की प्रस्तुति के साथ हुआ। जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष नारायण कन्नौजे ने शारदा तिवारी के जीवन परिचय एवं सेवा कार्यों का वाचन किया।

आचार्य पं. विनोद गोस्वामी, ब्रह्माकुमारी पुष्पा बहन, राजगामी संपदा न्यास की अध्यक्ष पूर्णिमा साहू, समाजसेवी किशन खंडेलवाल, जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष नारायण कन्नौजे, पूर्व अध्यक्ष मनोज चौधरी, सकल जैन समाज के पूर्व अध्यक्ष मनोज बैद, संरक्षक डॉ. डीसी जैन, अशोक लोहिया, राकेश ठाकुर शनिधाम सहित अन्य अतिथियों ने सम्मान प्रदान किया।

इस अवसर पर पं. विनोद बिहारी गोस्वामी ने ‘नवरात्रि सेवा संस्कार’ विषय पर प्रवचन देते हुए धर्म सेवा, संस्कार, आचरण, व्यवहार, माता की आराधना तथा नवरात्रि में पदयात्रियों की सेवा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने सेवा को भारतीय संस्कृति और संस्कारों का महत्वपूर्ण आधार बताया। आयोजन समिति की ओर से पं. गोस्वामी को भी प्रतीक चिह्न एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।

इसके पश्चात उत्सव भवन में नारी शक्तियों ने मां नवदुर्गा एवं मां बमलेश्वरी के दरबार में भारतीय संस्कृति, पारंपरिक परिधान और माता के भजनों पर गरबा नृत्य प्रस्तुत किया। कन्या पूजन एवं कन्या भोज के बाद विशाल भंडारा आयोजित किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की।

उल्लेखनीय है कि राजनांदगांव रत्न सम्मान इससे पहले समाजसेवी डॉ. डीसी जैन, भागवताचार्य पं. विनोद बिहारी गोस्वामी, धर्मसेवी अशोक लोहिया और पद्मश्री फूलबासन बाई यादव को प्रदान किया जा चुका है।

कार्यक्रम का संचालन पंकज गुप्ता ने किया। स्वागत भाषण राकेश ठाकुर एवं सौरभ खंडेलवाल ने दिया, जबकि आभार प्रदर्शन सूरज गुप्ता ने किया। आयोजन अध्यक्ष भावेश अग्रवाल, महिला अध्यक्ष मधु खंडेलवाल, सचिव प्रज्ञा गुप्ता तथा पंकज गुप्ता, संदेश जैन, सौरभ खंडेलवाल, सूरज गुप्ता, महेश शर्मा, अजय गुप्ता सहित आयोजन समिति के सदस्यों ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में योगदान दिया।

ट्रस्ट एवं सेवा पंडाल के संरक्षक कैलाश चंद्र गुप्ता, सोहनलाल गुप्ता, गणेश गुप्ता, रामावतार जोशी, विजय गुप्ता, अजय गुप्ता एवं सौरभ गुप्ता सहित समस्त सेवादारों ने नवरात्रि पदयात्री सेवा में सहयोग करने वाले नागरिकों एवं संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

Advertisements

You cannot copy content of this page