
राजनांदगांव। शासकीय दिग्विजय महाविद्यालय, राजनांदगांव में केन्द्रीय बजट 2026–27 पर अर्थशास्त्र विभाग द्वारा एक महत्वपूर्ण परिचर्चा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्राचार्य डॉ. सुचित्रा गुप्ता के मार्गदर्शन एवं विभागाध्यक्ष डॉ. सुमीता श्रीवास्तव के निर्देशन में संपन्न हुआ। परिचर्चा में विभाग के सभी प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के प्रारंभ में डॉ. सुमीता श्रीवास्तव ने केन्द्रीय बजट 2026–27 की प्रमुख विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस बजट में आधारभूत संरचना के विकास, आर्थिक सुदृढ़ीकरण तथा जनकल्याणकारी योजनाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने बजट को देश की विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण दस्तावेज बताया।
सहायक प्राध्यापक डॉ. मीना प्रसाद ने बजट में रोजगार सृजन एवं स्वास्थ्य क्षेत्र से संबंधित प्रावधानों को विस्तारपूर्वक समझाया और कहा कि ये प्रावधान युवाओं के लिए नए अवसर सृजित करेंगे।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. खेमारानी दुबे (अतिथि सहायक प्राध्यापक) द्वारा किया गया। विद्यार्थियों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। श्री हेमराज ने बजट की विभिन्न मदों पर प्रकाश डाला, कु. प्रियदर्शनी ने सार्वजनिक आय के स्रोतों की जानकारी दी, कु. निशा ने सार्वजनिक व्यय की मदों को स्पष्ट किया, कु. दुर्गेश्वरी ने रेल बजट पर अपने विचार रखे तथा कु. छाया ने बजट के प्रकारों का विस्तृत वर्णन किया।
कार्यक्रम के अंत में सुश्री गणेशी (अतिथि सहायक प्राध्यापक) ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। यह परिचर्चा विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी सिद्ध हुई।










































