
बौद्ध कल्याण समिति के पदाधिकारियो के सुझावों पर महापौर ने अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
राजनांदगांव 18 नवंबर। संविधान दिवस के अवसर पर शहर के डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर चैक स्थित भारतीय संविधान की प्रतिकृति को आकर्षक, स्वच्छ एवं गरिमामय स्वरूप देने की तैयारी शुरू हो गई है। इसी कड़ी में महापौर मधुसूदन यादव ने नगर निगम के तकनीकी अधिकारियों तथा बौद्ध कल्याण समिति के प्रतिनिधिमंडल के साथ स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान महापौर ने संविधान की प्रतिकृति स्थल की धुलाई एवं साफ-सफाई, रंग-रोगन, आकर्षक विद्युत सज्जा और स्टील रेलिंग के सौंदर्यीकरण सहित अन्य आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर बौद्ध कल्याण समिति, राजनांदगांव के अध्यक्ष दीपांकर खोबरागड़े अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ उपस्थित रहे। उन्होंने संविधान की प्रतिकृति स्थल को स्वच्छ, सुंदर एवं भारतीय संविधान की गरिमा के अनुरूप विकसित करने के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि संविधान की प्रतिकृति केवल एक स्मारक नहीं, बल्कि लोकतंत्र, समानता, स्वतंत्रता, बंधुत्व और सामाजिक न्याय के मूल्यों का प्रतीक है। इसलिए इसका रखरखाव भी उसी सम्मान और गरिमा के अनुरूप होना चाहिए।
महापौर मधुसूदन यादव ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी आवश्यक कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं, ताकि 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर यह स्थल आकर्षण का केंद्र बनने के साथ-साथ संवैधानिक चेतना और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रेरणास्रोत बन सके।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम के कार्यपालन अभियंता श्री दीपक खांडे एवं प्र.सहायक अभियंता श्रीमती गरिमा वर्मा, उप अभियंता श्री तिलक राज धु्रव उपस्थित थे। इसके साथ ही महापौर ने जी.ई. रोड पर प्रस्तावित संविधान उद्यान का भी निरीक्षण किया। उन्होंने दोनों स्थलों के विकास एवं सौंदर्यीकरण के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। संविधान दिवस के पूर्व नगर निगम की इस पहल को शहर में संविधान के प्रति सम्मान, बाबा साहेब के विचारों और संवैधानिक मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।









































