back to top

राजनांदगांव: सड़क सुरक्षा माह में नाटक के माध्यम से यातायात जागरूकता अभियान…

राजनांदगांव। सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत 18 जनवरी 2026 को राजनांदगांव यातायात पुलिस द्वारा शहर में अनोखे अंदाज में यातायात जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र नायक के मार्गदर्शन में यातायात प्रभारी व टीम तथा यूनिसेफ जिला समन्वयक दिव्या राजपुत एवं यूनिसेफ टीम के सहयोग से जय स्तम्भ चौक पर नाटक के माध्यम से आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।


इस अवसर पर यमराज एवं चित्रगुप्त के नाटकीय किरदारों और संवादों के जरिए वाहन चालकों को बिना हेलमेट दुपहिया वाहन चलाने, तीन सवारी बैठाने, बिना सीट बेल्ट चारपहिया वाहन चलाने तथा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के दुष्परिणामों के बारे में समझाया गया। नाटक को देखने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए और संदेश को गंभीरता से ग्रहण किया।


यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की कि वे स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए दुपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अवश्य पहनें, तीन सवारी न चलें, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें, तेज गति से वाहन न चलाएं तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। साथ ही नशे की हालत में वाहन न चलाने और नियंत्रित गति में वाहन चलाने की भी अपील की गई।
यातायात पुलिस ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के उद्देश्य से इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं और आगे भी विभिन्न माध्यमों से यातायात जागरूकता अभियान जारी रहेगा।

Advertisements

You cannot copy content of this page