
लाठी-डंडे, बेसबॉल बैट और चाकू से किया था हमला, पहले एक आरोपी जा चुका है जेल
राजनांदगांव। डोंगरगढ़ के कुम्हारपारा में नवरात्रि मेले के दौरान धक्का लगने की बात को लेकर हुए विवाद में मारपीट करने के मामले में पुलिस ने एक और फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान द्वियांश सिंह ठाकुर (20), निवासी खुटापारा, वार्ड क्रमांक 1, डोंगरगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को 28 अक्टूबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, नवरात्रि मेले के दौरान धक्का लगने की बात को लेकर कुछ युवकों के बीच विवाद हुआ था। इसी विवाद के चलते 22 अक्टूबर को कुछ युवक अपने अन्य साथियों के साथ लाठी, डंडे, बेसबॉल बैट और चाकू लेकर कुम्हारपारा पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने जोहन कुंभकार को घेरकर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
इस दौरान बेसबॉल बैट और डंडे से हमला किए जाने के कारण कई लोगों को चोटें आईं। वहीं, बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों के साथ भी मारपीट की गई। घटना में रवि वर्मा को चाकू से वार किए जाने से गंभीर चोट लगने की जानकारी सामने आई है।
मामले में प्रार्थी की रिपोर्ट पर डोंगरगढ़ थाने में अपराध क्रमांक 623/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
इससे पहले पुलिस ने आरोपी तेजस सिन्हा को 23 अक्टूबर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अब दूसरे आरोपी द्वियांश सिंह ठाकुर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस प्रकरण में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और एसडीओपी डोंगरगढ़ केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी रामेश्वर प्रसाद देशमुख की टीम द्वारा की गई।









































