
➡️ निरीक्षण में उजागर हुई भारी अनियमितता

राजनांदगांव।
डोंगरगांव/कोपेडीह ग्राम पंचायत कोपेडीह में जल जीवन मिशन के कार्यों में गड़बड़ी और भ्रष्टाचार की पोल अब खुलकर सामने आ गई है। जनपद सदस्य श्रीमती सरिता साहू और जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष मदन साहू की पहल पर जब शिकायत जिलाधीश तक पहुंची तो विभागीय टीम को मौके पर आना पड़ा। निरीक्षण में यह साफ हो गया कि कागजों में पूरा बताया गया काम जमीनी स्तर पर अधूरा और खामियों से भरा हुआ है।
➡️ जनप्रतिनिधियों की आवाज से हिली व्यवस्था
काफी समय से जनपद सदस्य सरिता साहू जल जीवन मिशन के अधूरे और भ्रष्ट कार्यों की जांच की मांग कर रही थीं। विभागीय इंजीनियर और एसडीओ लगातार शिकायतों को नजरअंदाज करते रहे। आखिरकार सरपंच, उपसरपंच और पंचों के साथ मिलकर सरिता साहू ने जिलाधीश को शिकायत दी। इस शिकायत के बाद ही विभाग हरकत में आया।
➡️ निरीक्षण में खुला खेल अधूरी पाइपलाइन बेकार टंकी
पीएचई विभाग के ई सहाब श्री समीर शर्मा ने अधिकारियों, इंजीनियरों और ठेकेदार को मौके पर बुलाकर निरीक्षण किया। इस दौरान ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में कई खामियां सामने आईं कई जगह पाइपलाइन कनेक्शन से जुड़ी ही नहीं थी। जहां जुड़ी थी वहां लीकेज हो रही थी। एक साल पहले बनी टंकी केवल टेस्टिंग कर छोड़ दी गई थी। टंकी से पानी पाइपलाइन में नहीं जा रहा था क्योंकि लाइन अधूरी थी। टंकी की सफाई और ओवरफ्लो निकासी पाइप भी अधूरी पाई गई।
➡️ 15 दिन में काम पूरा करने का अल्टीमेटम
निरीक्षण के बाद ई सहाब ने साफ कहा कि 10 से 15 दिनों के भीतर कार्य पूर्ण होना चाहिए और पानी सीधे ग्रामवासियों के घरों तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही करने वाले अधिकारी, कर्मचारी और ठेकेदार किसी भी कीमत पर नहीं बख्शे जाएंगे।
➡️ ग्रामवासी और नेता रहे मौजूद
इस निरीक्षण में जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष मदन साहू, जिला पंचायत के पूर्व सदस्य श्रीमति क्रांति बंजारे, सरपंच बीरसिंग चंद्रवंशी, उपसरपंच टेलन सिंग, पंच जीवधन वर्मा, किसान नेता गौतम वर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।
➡️ भ्रष्टाचार पर उठे सवाल क्या होगी सख्त कार्रवाई?
कोपेडीह में जल जीवन मिशन की हकीकत ने सरकार के दावों की पोल खोल दी है। ग्रामीणों का सवाल है – जब काम अधूरा और भ्रष्ट निकला तो अधिकारियों ने इसे पूरा कैसे बता दिया? क्या अब उन पर भी कार्रवाई होगी जिन्होंने कागजों में मिशन को सफल दिखाया? ग्रामवासी और जनप्रतिनिधि साफ कह रहे हैं कि इस बार मामले को हल्के में नहीं लिया जाएगा। अब सभी की निगाहें विभाग और प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं।











































