राजनांदगांव: सवा करोड़ की शेयर ट्रेडिंग ठगी का पर्दाफाश ओडिशा से दो और आरोपी गिरफ्तार…

राजनांदगांव, 03 दिसंबर। जिले की साइबर सेल और कोतवाली पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 1 करोड़ 21 लाख 53 हजार 590 रुपये की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय साइबर ठग गिरोह के दो और सदस्य भूवनेश्वर (ओडिशा) से गिरफ्तार किए गए हैं। इस मामले में अब तक कुल 5 आरोपी धराए जा चुके हैं।

Advertisements

जानकारी के अनुसार थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र के युवा व्यापारी को फॉरेक्स/ऑनलाइन ट्रेडिंग में भारी मुनाफा दिलाने का लालच देकर ठगों ने फर्जी वेबसाइट लिंक भेजा। शुरुआत में 15 हजार रुपये का फर्जी लाभ ट्रांसफर कर पीड़ित को भरोसे में लिया गया और धीरे-धीरे 1.21 करोड़ रुपये अलग-अलग खातों में जमा करा लिए। रकम वापस मांगने पर ठगों ने टालमटोल की, जिसके बाद पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन 1930 और कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई।

पहले 3 आरोपी मध्यप्रदेश से गिरफ्तार
मामले की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में साइबर सेल की टीम ने तेजी से कार्रवाई कर मध्यप्रदेश के सिहोर और इंदौर में दबिश दी। वहां से तीन आरोपी—धीरज सिंह, अरविंद ठाकुर और डिम्पल यादव—को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।

अब ओडिशा से पकड़े गए 2 आरोपी
मनी ट्रेल और तकनीकी विश्लेषण में गिरोह के तार ओडिशा से जुड़े होने की पुष्टि पर टीम भूवनेश्वर पहुंची। यहां से दो आरोपी—
● धर्मेंद्र कुमार (दिल्ली)
● राजेश मंडल (झारखंड)
को गिरफ्तार किया गया।

जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी साइबर ठगों को म्यूल अकाउंट मुहैया कराते थे। खाता धारकों के मोबाइल में .APK ऐप इंस्टॉल कराकर ओटीपी और बैंक एक्सेस सीधे ठगों तक पहुंचाते थे। साथ ही बैंक अकाउंट धारकों को अपने पास रखकर खाते के लेनदेन पर पूरी निगरानी रखते थे ताकि वे पैसा न निकाल सकें। ठग गिरोह इन्हें क्रिप्टो (USDT) में कमीशन देता था।


ओडिशा से गिरफ्तार आरोपी धर्मेंद्र से 3 मोबाइल फोन और 3 एटीएम कार्ड बरामद किए गए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।