
राजनांदगांव डोंगरगांव। नगर के समीप से बहने वाली शिवनाथ नदी में ग्राम बेन्दरकटा के समीप सांकरदाहरा में आज दोपहर एक युवती का शव तैरते हुए पाया गया। शव मिलने से हड़कंप मच गया। नदी में नहाने गये कुछ युवकों ने शव को देखकर इसकी जानकारी गांव वालों को दी। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के पहुंचने के बाद शव को नदी से निकाला गया। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि युवती ने आत्महत्या की है या फिर उसकी हत्या हुई है।
जानकारी के अनुसार घटना आज दोपहर लगभग 1.30 बजे की है। नदी में युवती का शव मिलने की जानकारी आसपास के गांवों में फैली तो मृतका के संबंध में जो जानकारी सामने आई, उसके अनुसार मृत युवती समीपवर्ती ग्राम बेंदरकट्टा निवासी है, जो विगत 20 फरवरी से अपने घर से किसी को बिना बताये कहीं चली गई थी। इसकी सूचना डोंगरगांव थाने में परिजनों ने दी थी, जिसके बाद गुम इंसान की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। युवती के घर से कहीं चले जाने के बाद से परिजन और पुलिस युवती की तलाश में लगे थे कि आज अचानक युवती का शव शिवनाथ नदी में तैरते पाया गया।
मृत युवती की पहचान शालिनी त्रिपुड़े पिता स्वर्गीय मनोज त्रिपुड़े (19 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार मृतका के अलावा परिवार में मां और एक बड़ी बहन है, जो छुरिया तहसील के अंतर्गत आने वाले घोटिया ग्राम की रहने वाली है। बताया जाता है कि मृतका ग्राम बेंदरकट्टा में अपने मामा के यहां रहकर डोंगरगांव में पढ़ाई कर रही थी। वहीं परिजनों ने बताया कि कुछ दिनों से उसकी तबियत नासाज थी और इलाज चल रहा था।
पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पीएम के लिए डोंगरगांव भेजा गया। देर शाम मृतका का शव पीएम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। इस संबंध में प्रथम दृष्टया युवती द्वारा आत्महत्या किया जाना प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस आत्महत्या व हत्या दोनों एंगल से जांच पड़ताल में जुटी है।









































