
राजनांदगांव जिले के घुमका थाना क्षेत्र के ग्राम उपरवाह में सेमी तोड़ने के विवाद को लेकर एक बुजुर्ग पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 11 मार्च 2026 को दोपहर करीब 1:30 बजे सूचना मिली कि ग्राम उपरवाह निवासी किशनलाल साहू (62 वर्ष) पर जान से मारने की नीयत से हमला किया गया है। सूचना मिलते ही घुमका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई।
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर तथा अनुविभागीय पुलिस अधिकारी डोंगरगांव श्रीमती मंजूलता बाज के निर्देशन में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।
प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना घुमका में अपराध क्रमांक 24/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच में पता चला कि प्रार्थिया अपने पति किशनलाल साहू के साथ खेत से घर लौटे थे। घर के जालीदार घेरे में लगे सेमी के पेड़ से आरोपी अनुजराम साहू और उसका बेटा लोमन साहू फल तोड़ रहे थे। जब किशनलाल साहू ने उन्हें मना किया तो दोनों आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए विवाद शुरू कर दिया।
इस दौरान अनुजराम साहू ने बंदर भगाने वाली बंदूक के लकड़ी के बट से किशनलाल साहू के सिर पर कई बार वार कर दिया, जिससे उनके सिर से खून निकलने लगा और वे वहीं गिर पड़े। वहीं लोमन साहू ने भी डंडे से उनके जांघ पर हमला किया। बुजुर्ग को मृत समझकर दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर घटना में प्रयुक्त बंदर भगाने वाली बंदूक और लाठी भी जब्त की गई।
पुलिस ने दोनों आरोपी अनुजराम साहू (66 वर्ष) और लोमन साहू (35 वर्ष), निवासी ग्राम उपरवाह को 11 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जिला जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना घुमका के थाना प्रभारी निरीक्षक विजय मिश्रा, उपनिरीक्षक कोदूराम नागवंशी, प्रधान आरक्षक संजीव चौरसिया, आरक्षक हिरेन्द्र देशमुख, सी.पी. साहू, केयूरभूषण यादव, आनंद कुमार और तारकेश्वर साय की भूमिका सराहनीय रही।









































