
राजनांदगांव 12 फरवरी। वित्तीय वर्ष की समाप्ति पर सत प्रतिशत राजस्व वसूली के लिए नगर निगम राजस्व वसूली में कडाई बरत रही है। जिसके लिए जहॉ दुकानो की बकाया प्रीमियम तथा दुकान किराया पर संबंधित को नोटिस जारी कर सीलबंदी की कार्यवाही कर रही है, वही सम्पत्तिकर, जलकर, समेकितकर के बडे बकायादारों को भी नोटिस जारी कर भुगतान नही करने की स्थिति में नल कनेक्शन काटने की कार्यवाही की जायेगी। कार्यवाही की कडी में आज हाट बाजार व्यवसायिक परिसर के प्रथम तल की 14 दुकाने जिनकी बकाया प्रीमियम को देखते हुए सील करने की कार्यवाही की गयी।

वित्तीय वर्ष समाप्ति के अंतिम माह में लक्ष्य के अनुरूप राजस्व वसूली के लिये निगम द्वारा जोर दिया जा रहा है, निगम आयुक्त श्री अतुल विश्वकर्मा, राजस्व विभाग की प्रतिदिन मानिटरिंग कर रहे है और सत प्रतिशत वसूली के लिए बकायादारो को नोटिस जारी कर कार्यवाही के निर्देश दे रहे है। निर्देश के अनुक्रम में राजस्व अधिकारी श्री राजेश तिवारी के नेतृत्व में निगम का अमला बडे बकायादारो को नोटिस जारी कर बकाया करो का भुगतान नही करने की स्थिति में कार्यवाही कर रही है।
आज की कार्यवाही में हाट बाजार व्यवसायिक परिसर के प्रथम तल मे निर्मित 20 दुकानो की विधिवत नीलामी की गयी थी, नीलामी उपरांत प्रक्रिया कर दुकानदारो को प्रीमियम की राशि जमा करने कहा गया। जिस पर भूतल के 20 दुकानदारो एवं प्रथम तल के 6 दुकानदारो ने प्रीमियम जमा किया तथा शेष 14 दुकानदारो ने राशि जमा नही की, जिन्हे प्रीमियम जमा नही करने पर नोटिस जारी की गयी। बार बार नोटिस प्रेषित किये जाने के उपरांत भी बकाया प्रीमियम राशि जमा नही करने पर आज राजस्व अधिकारी श्री तिवारी सहित राजस्व निरीक्षक श्री हितेश ठाकुर एवं राजस्व उप निरीक्षक श्री राजकुमार बंजारे व निगम का राजस्व अमला उपरोक्त 14 दुकाने सील करने की कडी में ताला जडने की कार्यवाही किये।
कार्यवाही के संबंध में राजस्व अधिकारी श्री तिवारी ने बताया कि हाटा बाजार व्यवसायिक परिसर की भूतल में 20 व प्रथम तल में 20 दुकानों का निर्माण किया गया है जिसकी विधिवत प्रक्रिया कर नीलामी की गयी। नीलामी उपरांत प्रीमियम राशि जमा करने नोटिस जारी किया गया। जिसके एवज में भूतल की 20 दुकान तथा प्रथम तल की 6 दुकान के दुकानदारो ने निगम कोष में प्रीमियम राशि जमा किए किन्तु प्रथम तल की 14 दुकानदारो ने बार बार नोटिस देने के बाद भी बकाया प्रीमियम राशि 37 लाख 12 हजार 7 सौ 11 रूपये की राशि का भुगतान नही किया। उक्त 14 दुकानो में आयुक्त महोदय के निर्देश पर आज ताला लगाने की कार्यवाही की गयी। कार्यवाही के दौरान 1 दुकानदार ने मौके पर ही बकाया प्रीमियम की सम्पूर्ण शेष राशि 2 लाख 2 हजार 2 सौ 20 रूपये का चेक दिया। जिसके एवज में उनका दुकान खोला गया।
राजस्व वसूली के संबंध में आयुक्त श्री विश्वकर्मा ने बताया कि शासन लक्ष्य के विरूद्ध सत प्रतिशत राजस्व वसूली किया जाना है, वसूली के लिये करदाताओं को करो का भुगतान करने अपील की जा रही है, बडे बकायादारों को नोटिस दिया जा रहा है। उन्होंने करदाताओं से कहा कि, अपने बकाया कर एवं किराये की राशि का भुगतान समय पर कर अधिभार एवं निगम की कार्यवाही से बचे। अन्यथा दुकानदारो की दुकाने सील करने तथा संपत्तिकर, जलकर, समेकितकर के बड़े बकायादारो का नल कनेक्शन काटने एवं कुर्की की कार्यवाही की जावेगी।









































