
राजनांदगांव। होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना बसंतपुर पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर अवैध शराब बिक्री करने वाले कोचिया, असामाजिक तत्वों एवं लंबे समय से फरार गिरफ्तारी वारंटियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की है।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर तथा नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया।
अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई
मुखबिर सूचना पर बायपास मोहरा के पास अवैध रूप से शराब बिक्री करते पाए जाने पर आरोपी मिलन निषाद पिता दिलीप निषाद (25 वर्ष), निवासी जोगीनगर थाना बसंतपुर, के कब्जे से 30 पौवा देशी प्लेन एवं 10 पौवा देशी मसाला मदिरा सहित कुल 40 पौवा शराब जब्त की गई। आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 105/2026 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।
असामाजिक तत्वों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
थाना क्षेत्र में हो-हल्ला एवं हुड़दंग करने वाले चार व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 170, 126, 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। इनमें जयप्रकाश रावटे (क्लब चौक), कमलेश रामटेके (जोगीनगर), विकास यदु (बांसपाईपारा) और मयंक यादव (बांसपाईपारा) शामिल हैं।
फरार वारंटियों की गिरफ्तारी
लंबे समय से फरार चल रहे तीन गिरफ्तारी वारंटियों— मोनू उर्फ मन्नू प्रजापति, प्रमोद प्रजापति (दोनों निवासी मोहारा) तथा नवीन गोयल (नंदई कुंआ चौक)— को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस की अपील
थाना बसंतपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि होली पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। आम नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।









































