
राजनांदगांव शहर में दसवीं और बारहवीं बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन लगभग पूर्णता की ओर है हिंदी, अंग्रेजी जैसे कुछ गिनती के विषयों का मूल्यांकन बाकी है जबकि मुख्य विषयों की जांच पूर्ण हो चुकी है हिंदी अंग्रेजी की उत्तर पुस्तिकाओं की संख्या अधिक होने के कारण उनका मूल्यांकन जारी है उम्मीद की जा रही है कि दोनों केंद्र में 19 – 20 तक सभी विषयों का मूल्यांकन पूर्ण हो जाएगा। इस बार चुनाव के कारण उत्तर पुस्तिका की जांच काफी प्रभावित हुई है।
शहर में इस बार दसवीं और बारहवीं के उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन दो केंद्रों बलदेव प्रसाद मिश्र स्कूल और स्टेट हाई स्कूल में किया जा रहा है। विगत 28 मार्च से मूल्यांकन कार्य शुरू हो गया था। इस बीच खैरागढ़ उपचुनाव के चलते उत्तर पुस्तिकाओं की जांच का कार्य काफी बाधित हुआ था बहुत से मूल्यांकन कर्ताओं की चुनावी ड्यूटी लगी हुई थी। 2 दिनों तक चुनाव में प्रशिक्षण चला और फिर 3 दिन तक मतदान की ड्यूटी लगी थी इसके बावजूद अब मूल्यांकन का कार्य पूर्णता की ओर है।
बलदेव प्रसाद मिश्र स्कूल में दसवीं के हिंदी ,अंग्रेजी, संस्कृत, सामाजिक विज्ञान का मूल्यांकन बाकी है इनमें से हिंदी संस्कृत और सामाजिक विज्ञान की आज सोमवार तक जांच पूर्ण हो जाएगी । अंग्रेजी विषय की भी जांच 19 तक पूर्ण हो जाएगी। इसी तरह 12वीं कक्षा के हिंदी, अंग्रेजी ,राजनीतिक, गणित और रसायन विषयों का मूल्यांकन बाकी है जिनमें से गणित और राजनीतिक शास्त्र की जांच सोमवार तक पूरी हो जाएगी। इस केंद्र में कुल एक लाख 82 हजार कॉपियां आई थी जिनमें से सिर्फ 19 हजार 800 कॉपियां ही शेष है। एक लाख 62 हजार 200 कॉपियां जांची जा चुकी है। इसी तरह स्टेट हाई स्कूल में भी 19-20 अप्रैल तक उत्तरपुस्तिकाओं की जांच पूरी हो जाएगी।









































