
राजनांदगांव। थाना लालबाग पुलिस ने एक बड़ी चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए मात्र 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गये मेटाडोर वाहन, उसमें लोड 10 क्विंटल सरिया तथा एक मोटरसाइकिल को जप्त किया है। चोरी की कुल संपत्ति की अनुमानित कीमत लगभग 19 लाख 10 हजार 649 रुपये बताई गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 31 जुलाई 2025 को प्रार्थी ने थाना लालबाग में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका छः चक्का मेटाडोर वाहन क्रमांक CG 08 AS 3928 जिसमें 10 टन लोहे का सरिया लोड था, रायपुर से भानपुरी लाया गया था। वाहन को ड्राइवर द्वारा भानपुरी के झा हार्डवेयर के सामने खड़ा कर बिल देने गया था। लेकिन बिल लेकर वापस लौटने पर वाहन मौके से गायब मिला।
इस मामले में थाना लालबाग पुलिस ने अपराध क्रमांक 354/2025, धारा 303(2) BNS के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर तत्काल जांच प्रारंभ की।
मुखबिर सूचना के आधार पर मिली सफलता
चोरी के मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री मोहित गर्ग, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राहुल देव शर्मा एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेन्द्र नायक के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार साहू के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि उक्त चोरी गया वाहन डोंगरगढ़ क्षेत्र की ओर देखा गया है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने ग्राम डुंडेरा के पास घेराबंदी कर वाहन को बरामद किया।
गिरफ्तार आरोपीगण का विवरण:
- अभिषेक भीवगडे, पिता दिलीप भीवगडे (उम्र 25 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 01, नाका पारा, डोंगरगढ़
- अब्दुल जफर, पिता अब्दुल अजर (उम्र 32 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 01, नाका पारा, डोंगरगढ़
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों के कब्जे से:
चोरी गया मेटाडोर वाहन
उसमें लोड 10 क्विंटल सरिया
और चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई।
दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में जेल भेज दिया गया है।
🔸 पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
सम्पूर्ण कार्रवाई में निरीक्षक राजेश कुमार साहू, सहायक उपनिरीक्षक ए.पी. शीला, आरक्षक राजकुमार बंजारा व कमल किशोर यादव की भूमिका सराहनीय रही।









































