
राजनांदगांव। होली पर्व के मद्देनज़र नशीले पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 150 नग नारकोटिक्स टेबलेट/कैप्सूल के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया है। तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है तथा बालक को बाल सुधार गृह भेजा गया है।
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री अलेक्जेंडर किरो के मार्गदर्शन में थाना सिटी कोतवाली प्रभारी नंद किशोर गौतम के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लखोली अंडरब्रिज के नीचे कुछ लोग नशीले टेबलेट/कैप्सूल बेचने की फिराक में आने वाले हैं। सूचना पर तत्काल टीम गठित कर सिविल ड्रेस में पुलिसकर्मियों को मौके पर भेजा गया। घेराबंदी कर तीन आरोपियों और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 150 नग नारकोटिक्स टेबलेट/कैप्सूल बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों में उत्तम कुमार नगाची पिता चंद्रहास नगाची, खोमेन्द्र साहू पिता छन्नूलाल साहू एवं रोशन राजपूत पिता सुनील सिंह शामिल हैं, जो सभी निवासी कुरूद, जिला धमतरी के हैं। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 (बी) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक राधेश्याम जूरी, प्रधान आरक्षक संदीप चौहान, जी. सिरिल, आरक्षक प्रियांश, अविरल भगत, पूरन सिंह, राजेश साहू तथा साइबर सेल के धीरज डनसेना और अनित शुक्ला की विशेष भूमिका रही।









































