
राजनांदगांव। सोमनी थाना पुलिस ने घर में चोरी के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए जेवरात, गैस सिलेंडर, गैस चूल्हा तथा घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा और हंसिया बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार ग्राम जराही निवासी निर्मला साहू ने थाना सोमनी में शिकायत दर्ज कराई थी कि 1 जुलाई से 19 जुलाई 2026 के बीच अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर संदूक में रखे सोने के खिनवा, सोने का बाला, चांदी की पायल, गैस सिलेंडर और गैस चूल्हा चोरी कर लिया। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग ₹45 हजार बताई गई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 305(क) एवं 331(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्री अलेक्जेंडर किरो के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप पटेल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर चोरी के सोने-चांदी के जेवरात, गैस सिलेंडर, गैस चूल्हा, घटना में प्रयुक्त हंसिया तथा ई-रिक्शा (CG 08 BE 5030) बरामद कर जब्त किया गया।
पुलिस ने इस मामले में संतोष साहू (50 वर्ष), निवासी अटल आवास, कौरिनभांठा, महेश्वर यादव (45 वर्ष), निवासी ग्राम जराही तथा धरमदास उर्फ धर्मदास चतुर्वेदी (28 वर्ष), निवासी मोतीपुर रामनगर, चिखली को गिरफ्तार किया। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे की विवेचना कर रही है।










































