राजनांदगांव: 700 जवानों की तैनाती और सख्त निगरानी के बीच जिले में शांतिपूर्ण रही होली…

राजनांदगांव जिले में रंगों का पर्व होली इस वर्ष शांति, सौहार्द और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के नेतृत्व में राजनांदगांव पुलिस द्वारा किए गए व्यापक सुरक्षा इंतजामों के चलते जिलेभर में होली का त्योहार शांतिपूर्ण वातावरण में मनाया गया।


होली पर्व को देखते हुए पुलिस द्वारा पहले से ही तैयारियां शुरू कर दी गई थीं। इसके तहत विभिन्न क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें आयोजित की गईं। साथ ही व्यापारी संघ, डीजे संचालकों और अन्य वर्गों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि त्योहार के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च निकालकर आमजन को सुरक्षा का संदेश दिया गया। होलिका दहन से लेकर रंगोत्सव तक जिले में पुलिस बल लगातार तैनात रहा और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी गई।


सुरक्षा व्यवस्था के तहत जिले में लगभग 700 पुलिस जवानों की तैनाती की गई थी। इसके अलावा 100 फिक्स्ड पॉइंट बनाए गए, 52 पेट्रोलिंग वाहन लगातार गश्त करते रहे और प्रत्येक थाना क्षेत्र में अतिरिक्त पेट्रोलिंग की व्यवस्था की गई। संवेदनशील इलाकों में 20 बाइक पेट्रोलिंग टीम यानी “बाज़ टीम” भी सक्रिय रही।
कंट्रोल रूम से लगातार पेट्रोलिंग वाहनों और पुलिस अधिकारियों की रियल-टाइम लोकेशन मॉनिटर की जाती रही। इसके साथ ही विशेष व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से तैनात पुलिस बल द्वारा समय-समय पर खैरियत रिपोर्ट भी भेजी जाती रही।
यातायात पुलिस द्वारा ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। नशे की हालत में वाहन चलाने वाले चालकों के वाहनों को जब्त कर थानों में खड़ा किया गया। वहीं तीन सवारी वाले दोपहिया वाहनों पर भी कार्रवाई करते हुए समझाइश दी गई।


पुलिस की मुस्तैदी और आमजन के सहयोग के चलते जिले में होली का पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा और कहीं से भी किसी प्रकार की गंभीर घटना सामने नहीं आई। शहर में शाम के समय बाजार खुले रहे और लोग अपने परिवार के साथ उत्साहपूर्वक होली का आनंद लेते नजर आए।
पर्व के दौरान ड्यूटी में तैनात पुलिस कर्मियों के उत्कृष्ट कार्य को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा ने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रोत्साहन स्वरूप इनाम देने की घोषणा भी की है।