राजनांदगांव: 82.50 लाख की शेयर मार्केट ठगी का आरोपी गाजियाबाद से गिरफ्तार…

राजनांदगांव | शेयर मार्केट में निवेश पर राशि दोगुनी करने का झांसा देकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को थाना बसंतपुर पुलिस ने उत्तरप्रदेश के गाजियाबाद से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से एटीएम कार्ड, पासबुक एवं मोबाइल फोन जप्त किए गए हैं।

Advertisements


यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में की गई।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कई प्रार्थियों द्वारा थाना बसंतपुर में लिखित शिकायत प्रस्तुत की गई थी कि धनीराम सिन्हा नामक व्यक्ति ने शेयर मार्केट में पैसा निवेश कराने पर अधिक मुनाफा दिलाने का लालच देकर धोखाधड़ी की है। शिकायत पर थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 592/2025, धारा 420 भा.दं.वि. के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।


मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के उत्तरप्रदेश के गाजियाबाद क्षेत्र में होने की जानकारी प्राप्त हुई, जिस पर पुलिस टीम ने गाजियाबाद एवं ग्रेटर नोएडा के गौर सिटी क्षेत्र में दबिश देकर घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम धनीराम सिन्हा (40 वर्ष), पिता हीरा राम सिन्हा, निवासी गोकुलधाम गोकुलनगर, थाना बसंतपुर, जिला राजनांदगांव बताया और अपराध करना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से 04 नग एटीएम कार्ड, 01 पासबुक एवं 03 मोबाइल फोन जप्त किए गए।

जांच में यह सामने आया है कि आरोपी द्वारा विभिन्न प्रार्थियों से शेयर मार्केट में अधिक लाभ दिलाने के नाम पर लगभग ₹82,50,000/- की धोखाधड़ी की गई है। साथ ही आरोपी के विरुद्ध थाना बसंतपुर के अलावा थाना डोंगरगढ़ (जिला राजनांदगांव) एवं जिला दुर्ग में भी धोखाधड़ी के प्रकरण दर्ज होना पाया गया है।
आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहाँ से जेल वारंट प्राप्त होने पर उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक एमन साहू, उपनिरीक्षक देवादास भारती, सहायक उपनिरीक्षक मनमोहन साहु, आरक्षक प्रवीण मेश्राम, कुश बघेल, राजेश बंदेश्वर, रूपेन्द्र वर्मा, आशीष मानिकपुरी सहित अन्य स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।