
400 कैडेट्स ले रहे हैं दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करना मुख्य उद्देश्य
राजनांदगांव। 38 छत्तीसगढ़ एनसीसी बटालियन, राजनांदगांव के तत्वावधान में आयोजित दस दिवसीय CATC-144 (कंबाइंड एनुअल ट्रेनिंग कैंप) में लगभग 400 एनसीसी कैडेट्स उत्साहपूर्वक प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। 16 नवंबर से 25 नवंबर तक आयोजित इस शिविर के दूसरे दिन कैडेट्स को विभिन्न सैन्य प्रशिक्षण गतिविधियों से रूबरू कराया गया।
शिविर के दूसरे दिन उद्घाटन संबोधन के माध्यम से कैडेट्स को प्रशिक्षण शिविर के उद्देश्यों, अनुशासन के महत्व और एनसीसी की भूमिका के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया। इसके पश्चात दिनभर विभिन्न प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए गए, जिनमें कैडेट्स ने ड्रिल, .22 राइफल का परिचय एवं प्रशिक्षण तथा मैप रीडिंग की बारीकियां सीखीं। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें सैन्य गतिविधियों की बुनियादी जानकारी देने के साथ मानचित्र पढ़ने की तकनीक और अनुशासित जीवनशैली के महत्व से अवगत कराया गया।
शिविर का संचालन 38 छत्तीसगढ़ एनसीसी बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल प्रवल के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। वहीं लेफ्टिनेंट कर्नल संजेश कुमार, भवानी एवं सूबेदार मेजर सतवर्ग सिंह (सेना मेडल) के नेतृत्व और सहयोग से प्रशिक्षण गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
इस दस दिवसीय शिविर का मुख्य उद्देश्य युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और देशभक्ति की भावना विकसित करना है। साथ ही कैडेट्स को शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाकर भविष्य के जिम्मेदार नागरिक और राष्ट्र के योग्य नेतृत्वकर्ता के रूप में तैयार करना है।
एनसीसी का यह शिविर युवाओं को सैन्य प्रशिक्षण की प्रारंभिक जानकारी देने के साथ उनमें राष्ट्रसेवा, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान कर रहा है।













































