back to top

राजनांदगांव: CEIR पोर्टल की मदद से 10 गुम मोबाइल बरामद, बसंतपुर पुलिस ने स्वामियों को लौटाए…


राजनांदगांव। पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में गुम मोबाइलों की पतासाजी हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना बसंतपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। CEIR पोर्टल के माध्यम से विभिन्न कंपनियों के 10 गुम मोबाइल (कुल कीमत लगभग ₹1,50,000) बरामद कर उनके वैध स्वामियों को विधिवत सुपुर्द किया गया।


यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में की गई। थाना बसंतपुर में प्राप्त आवेदनों के आधार पर गुम मोबाइलों की गंभीरता से पतासाजी करते हुए त्वरित कार्यवाही की गई और बरामद मोबाइल सुपुर्दनामा के माध्यम से संबंधित आवेदकों को लौटाए गए।


थाना परिसर में आयोजित प्रक्रिया के दौरान अपने गुम मोबाइल वापस पाकर प्रार्थीगणों ने जिला पुलिस एवं थाना बसंतपुर पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि जनवरी 2026 में भी इसी अभियान के तहत 12 मोबाइल (लगभग ₹1,70,000 कीमत) बरामद कर स्वामियों को लौटाए जा चुके हैं। पुलिस द्वारा गुम मोबाइलों की खोजबीन का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी को लावारिस या गुम मोबाइल मिले तो उसका उपयोग न करें, बल्कि निकटतम थाना में जमा कराएं।

Advertisements

You cannot copy content of this page