back to top

रायपुर : आवास मंत्री अकबर ने आवासीय योजना के ऑनलाईन पंजीयन एवं ‘‘मोबाइल एप सीजीएचबी‘‘ का किया शुभारंभ : छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल ने दी सौगात: ‘‘घर खरीदना हुआ और आसान‘‘….

रायपुर, 26 मार्च 2021-आवास एवं पर्यावरण मंत्री श्री मोहम्मद अकबर ने राजधानी के शंकर नगर स्थित अपने निवास कार्यालय में  छत्तीसगढ गृह निर्माण मण्डल की आवासीय योजना का ऑनलाईन पंजीयन तथा मण्डल के मोबाइल एप सीजीएचबी का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मण्डल के अध्यक्ष श्री कुलदीप जुनेजा ने की।

Advertisements


    आवास मंत्री श्री अकबर ने इसका शुभारंभ करते हुए बताया कि अब लोग घर बैठे अपने मोबाईल से या ऑनलाईन किसी भी माध्यम से मण्डल के घर के लिए आवेदन कर सकते हैं। साथ ही योजना की संपूर्ण जानकारी के साथ अपना मनपसंद घर बुक करा सकते हैं। इसके ऑनलाईन होने से अब घर खरीदने के लिए व्यक्ति को मण्डल दफ्तर तक आने की जरूरत नही होगी। इसके साथ पंजीयन कराने हेतु समय की बाध्यता भी खत्म होगी।  छत्तीसगढ गृह निर्माण मण्डल अपनी योजनाओं को पूरी तरह ऑनलाईन करने जा रहा है इससे हितग्राही अपने मोबाईल, डेस्कटॉप, लेपटॉप तथा अन्य ऑनलाईन माध्यमों से मण्डल के भवन क्रय करने आवेदन कर सकते है साथ ही मण्डल के प्रोजेक्टस् की जानकारी भी ले सकते है।


    इस अवसर पर छत्तीसगढ गृह निर्माण मण्डल के अध्यक्ष श्री कुलदीप जुनेजा ने कहा कि आज मण्डल की आवासीय योजना का पंजीयन तथा मोबाइल एप सीजीएचबी का शुभारंभ किया गया है। योजना के ऑनलाईन होने से अब कभी भी कही से भी ऑनलाईन आवेदन किया जा सकता है। मण्डल के मोबाइल एप सीजीएचबी से घर खरीदना और आसान हो गया है। गौरतलब है कि वर्तमान में कोतापाल बीजापुर हेतु ऑनलाईन सिस्टम प्रारंभ किया गया है। भविष्य में मण्डल की अन्य योजनाओं  में भी लागू किया जावेगा। पायलेट प्रोजेक्ट के तौर पर नवीन आवासीय योजना कोतापाल बीजापुर को पूर्णतः ऑनलाईन कर दिया गया है।


     इस प्रोजेक्ट को लोग ऑनलाईन देख सकते हैं तथा पसंद कर घर चयन कर फिर आवेदन कर सकते हैं। साथ ही ऑनलाईन लॉटरी तो होगी ही एवं पंजीयन राशि भी ऑनलाईन जमा कर सकते हैं। इसके अलावा एन.ओ.सी. और घर खरीदने के पश्चात् एकांउट लेजर भी ऑनलाईन प्राप्त कर सकते हैं। ये सारी सुविधाऐं मण्डल के मोबाइल एप सीजीएचबी में भी उपलब्ध होगी जिसे आप अपने मोबाईल पे गुगल प्ले स्टोर के माध्यम से डाउनलोड कर सकते है। कार्यक्रम में मण्डल आयुक्त श्री अय्याज एफ. तंबोली, अपर आयुक्त श्री एच.के. वर्मा, मुख्य संपदा अधिकारी श्री पी.के. सोनवानी तथा मण्डल के आई.टी. एवं मार्केटिंग टीम के सदस्य भी मौजूद रहे।

Advertisements

You cannot copy content of this page