back to top

लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में करें निराकरण – कलेक्टर तुलिका प्रजापति…

  • खाद भंडारण एवं बीज वितरण के साथ आजीविका संवर्धन गतिविधियों की समीक्षा
  • मोहला 25 जून 2026। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं लंबित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने विभिन्न पोर्टलों में लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी विभाग अपने विभाग से संबंधित आवेदनों का अवलोकन कर उनका शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करें।
  • बैठक में अपर कलेक्टर श्री जी.आर. मरकाम, एसडीएम मोहला श्री हेमेंद्र भुआर्य, एसडीएम मानपुर श्री अमित नाथ योगी, डिप्टी कलेक्टर श्री डी.आर. ध्रुव सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
  • कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने आजीविका संवर्धन गतिविधियों की समीक्षा करते हुए पात्र हितग्राहियों एवं महिला समूहों को पट्टे पर तालाब उपलब्ध कराने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि इससे मत्स्य पालन एवं अन्य आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इस दौरान विभिन्न विभागों में संचालित आजीविका संवर्धन गतिविधियों की प्रगति की जानकारी भी ली।
  • उन्होंने खाद एवं बीज की उपलब्धता तथा वितरण की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों से खाद भंडारण की स्थिति की जानकारी ली तथा बीज वितरण कार्य में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
  • कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने सुशासन तिहार के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को निर्देशित किया कि जनसामान्य से प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
  • उन्होंने लंबित राजस्व प्रकरणों की भी समीक्षा की तथा राजस्व अधिकारियों को प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने आयुष्मान कार्ड निर्माण एवं सिकल सेल स्क्रीनिंग अभियान की प्रगति की समीक्षा की।
  • उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को सभी महत्वपूर्ण योजनाओं में अपेक्षित प्रगति लाने तथा अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आदिवासी विकास विभाग की समीक्षा करते हुए नए शैक्षणिक सत्र में सभी आश्रम-छात्रावासों के बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश दिए।
  • इसी प्रकार महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने मातृ एवं शिशु सुपोषण की दिशा में प्रभावी कार्य करने के निर्देश दिए। मौके पर समाज कल्याण, मत्स्य पालन, पशुपालन एवं शिक्षा विभाग सहित अन्य विभागों की योजनाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु कार्ययोजना बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए।
Advertisements

You cannot copy content of this page