
पूरे देश के साथ जिले में भी एक विशेष अभियान के तहत मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का काम लगभग पूरा हो चुका है। 22 साल बाद यह पहला मौका है जब पुनरीक्षण के बाद वोटरों की संख्या घटी है। मृत, स्थानांतरण-पलायन, दूसरी जगह शिफ्ट हुए मतदाताओं के नाम हटा दिए गए हैं।

नई सूची में 57 हजार से ज्यादा मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। वर्तमान वोटरों की संख्या 780205 है। मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन कर दिया गया है। दावा-आपत्ति के लिए पर्याप्त समय है। वंचित वोटर्स लगभग डेढ़ माह की अवधि में जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत कर सूची में नाम जुड़वा सकते हैं।गौरतलब है कि गत 4 नवंबर से 18 दिसंबर तक विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का काम हुआ।
कुल 835910 मतदाताओं में से 780205 मतदाताओं ने अपने गणना पत्रक जमा करवाएं। अलग-अलग कारणों से शेष मतदाताओं के नाम हटाए गए। अभियान के तहत अन्यत्र शिफ्ट होने वाले मतदाताओं की संख्या ज्यादा है।
मृत, स्थानांतरण अन्यत्र शिफ्ट एवं सूची में से दो जगह नाम हटाए गए हैं। कुल 18221 मतदाताओं का सत्यापन नहीं हुआ है। जिला उपनिर्वाचन अधिकारी अंकित चौहान ने बताया कि राजनीतिक दलों की बैठक एवं विचार विमर्श के बाद मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन कर दिया गया है।
आज से ही दावा-आपत्ति ली जा रही है। प्राप्त दावा-आपत्ति की सुनवाई होगी। इस जारी सूची से वंचित मतदाता जरूरी दस्तावेजों के साथ फार्म जमा कर सकते हैं। ऐसे मतदाताओं को फार्म-7 भरना होगा। नए वोटर्स के लिए फार्म-6 भरना अनिवार्य है।स्थानीय बूथ लेवल अफिसर (बीएलओ) के पास ड्राफ्ट वोटर लिस्ट उपलब्ध है। साथ ही नए मतदाताओं को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
जो युवा वोटर 01-01-206 को या उससे पहले 18 साल के हो गए हैं या 01 जनवरी 2026 तक हो जाएंगे। उन्हें फार्म-6 में घोषणा पत्र के साथ आवेदन करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। अब तक तीन हजार से ज्यादा आवेदन आ चुके हैं।









































