
राजनांदगांव। नगर निगम राजनांदगांव के बसंतपुर क्षेत्र में सड़क किनारे वर्षों से दुकान लगाकर जीविकोपार्जन कर रहे पांच छोटे दुकानदारों को नगर निगम द्वारा अतिक्रमण हटाने की नोटिस जारी की गई है। इस नोटिस से पीड़ित दुकानदारों में आक्रोश और असमंजस की स्थिति बन गई है।
दुकानदारों का कहना है कि उनकी दुकानों के पीछे जिस भूमि पर अब कॉलोनी बनाई जा रही है, वहां पहले खेती होती थी और तभी से वे यहाँ दुकान लगाते आ रहे हैं। उक्त कॉलोनाइजर द्वारा पहले समझाइश दी गई थी कि दुकानें हटा लें, जिस पर दुकानदारों ने बारिश के मौसम के बाद खुद ही हट जाने की बात कही थी। बावजूद इसके नगर निगम ने सभी को नोटिस थमा दिया।
इस पूरे मामले की जानकारी पूर्व पार्षद ऋषि शास्त्री को मिलने पर वे मौके पर पहुंचे और सभी पीड़ित दुकानदारों से बातचीत की। दुकानदारों में बच्चों के खिलौनों की दुकान, चाय होटल, पान ठेला, पंचर दुकान सहित अन्य छोटे व्यवसाय शामिल हैं। ऋषि शास्त्री ने सभी की समस्याएं सुनीं और आश्वासन दिया कि वे प्रशासन को पत्र लिखकर नियमानुसार पुनःस्थापन की मांग करेंगे ताकि गरीबों के जीवनयापन पर संकट न आए।
मौके पर यह भी जानकारी मिली कि सात वर्ष पूर्व नगर निगम द्वारा पर्यावरण संरक्षण के तहत जिन पेड़ों को लगाया गया था, उन्हें कॉलोनी निर्माण के दौरान अवैध रूप से काटा गया है। इस मामले में जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग भी की जा रही है, जिसके लिए आयुक्त को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
इसके अलावा, कॉलोनी के पास बने बड़े नाले को लेकर भी चिंता जताई गई है, जिससे बसंतपुर क्षेत्र की नालियों का पानी निकलता है। यदि समय रहते जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई, तो बारिश में जलभराव की गंभीर स्थिति उत्पन्न हो सकती है। पूर्व पार्षद ने प्रशासन से इस विषय में भी शीघ्र आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।









































