
राजनांदगांव। शहर के कन्हारपुरी वार्ड में बीती रात लगभग 11 बजे एक बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में 27 वर्षीय युवक आकाश साहू की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार कन्हारपुरी के तिरंगा चौक के पास नाली चौड़ीकरण का काम कराया जा रहा था। इसके लिए गड्ढा खोदा गया था, लेकिन बीते एक माह से कार्य पूरी तरह से रोक दिया गया था। न तो गड्ढे के आसपास बैरिकेडिंग की गई थी और न ही किसी प्रकार की सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।

स्थानीय लोगों ने बताया कि इस गड्ढे में आए दिन लोग गिरते रहते थे, लेकिन ठेकेदार की मनमानी और लापरवाही के कारण कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसी लापरवाही ने बीती रात आकाश साहू की जान ले ली। पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है।
ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों में गहरी नाराज़गी है। लोगों ने प्रशासन से दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।









































