back to top

मोहला:विभागों में कार्यरत महिलाओं के लिए आंतरिक शिकायत समिति गठन के दिए निर्देश…

मोहला 19 सितंबर 2025।कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में कानून व्यवस्था पर महत्वपूर्ण बैठक ली। इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री यशपाल सिंह, सीईओ जिला पंचायत श्रीमती भारती चंद्राकर सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Advertisements


कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने जिले के कानून व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों विभिन्न त्यौहार एवं नवरात्र आने वाले हैं। जिसके लिए व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें, ताकि कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हो सके। इस दौरान उन्होंने कार्यस्थल पर महिलाओं को सुरक्षित और गरिमामय वातावरण उपलब्ध कराने पॉश एक्ट की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि यौन उत्पीड़न की रोकथाम, प्रतिबंध और निवारण सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने महिलाओं को कार्यक्षेत्र में सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने हेतु आंतरिक शिकायत समिति गठन के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने अवैध रेत उत्खनन एवं शराब पर लगातार कार्यवाही के निर्देश दिए। मौके पर उन्होंने आवारा पशुओं के प्रबंधन की कार्ययोजना बनाने के निर्देश भी दिए।


एसपी श्री यशपाल सिंह ने सुरक्षा की दृष्टि से खेतों में लगाए जाने वाले असुरक्षित तारों के संबंध में थाना प्रभारियों को विशेष निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत विभाग के साथ समन्वय कर कार्यवाही करने के साथ ही लोगों को मुनादी के माध्यम से जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने नवरात्र के मद्देनजर मंदिरों के आसपास लाइट की व्यवस्था एवं मंदिर परिसर में पेयजल एवं मेडिकल टीम की व्यवस्था के निर्देश दिए।

बाल अपराध जागरूकता हेतु बनाए कार्ययोजना

कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध अपराध की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रकरणों में प्राथमिकता से अपराध दर्ज करें। उन्होंने पुलिस विभाग को निर्देशित किया कि बालिका अपराध एवं रोकथाम के साथ साइबर अपराध की जागरूकता के लिए थानावार कार्ययोजना बनाए। उन्होंने कार्ययोजना अनुसार स्कूलों में जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही बिना हेलमेट वाले वाहन चालकों एवं बिना लाइसेंस वाहन चलाने वाले स्कूली बच्चों पर कार्रवाई के निर्देश भी दिए। इस दौरान उन्होंने स्कूलों के आसपास पान गुटका विक्रय पर प्रतिबंध लगाने कड़ी करवाई के निर्देश दिए।

Advertisements

You cannot copy content of this page