राजनांदगांव : दीपावली पर्व पर सुरक्षा को लेकर फ्लैग मार्च…

राजनांदगांव। दीपावली पर्व के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था और यातायात नियंत्रण को लेकर राजनांदगांव पुलिस ने शुक्रवार को शहर में फ्लैग मार्च निकाला।

पुलिस अधीक्षक श्री मोहित गर्ग के नेतृत्व में निकाले गए इस मार्च में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राहुल देव शर्मा, एसडीएम श्री गौतम पाटिल, नगर पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेंद्र नायक, डीएसपी श्रीमती तनु प्रिया ठाकुर, थाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नंदकिशोर गौतम, थाना बसंतपुर प्रभारी निरीक्षक एमन साहू, और यातायात प्रभारी निरीक्षक नवरत्न कश्यप अपने दल-बल के साथ शामिल हुए। पुलिस ने शहर के मुख्य चौक-चौराहों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल मार्च कर सुरक्षा का संदेश दिया। साथ ही शहर में फिक्स प्वाइंट पुलिस जवानों की ड्यूटी लगाई गई है।

पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग ने बताया कि दीपावली पर्व पर बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष इंतज़ाम किए गए हैं। दुकानदारों को अपनी दुकान के बाहर सड़क पर सामान न रखने की सख्त हिदायत दी गई है।

इसके अलावा, राजनांदगांव शहर के अंदर चार पहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किया गया है, जबकि दोपहिया वाहन सड़क पर खड़ा करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस ने चार और दोपहिया पेट्रोलिंग दलों को तैनात किया है। साइबर सेल की टीम और सादी वर्दी में पुलिस कर्मियों को भी बाजारों में निगरानी हेतु लगाया गया है ताकि चोरी-उठाईगिरी या किसी भी असामाजिक गतिविधि पर तत्काल नियंत्रण किया जा सके।