
राजनांदगांव। राजनांदगांव शहर के कंचनबाग क्षेत्र में सोमवार देर रात एक कबाड़ी दुकान में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देर रात करीब 11:30 बजे लगी इस आग पर काबू पाने के लिए नगर निगम के दमकल वाहन को कई घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी।
मिली जानकारी के अनुसार, आग लगने की घटना कंचनबाग क्षेत्र में स्थित कबाड़ी दुकान की है। दुकान में रखे कबाड़, प्लास्टिक और लोहे का सामान आग की चपेट में आने से जलकर खाक हो गया। बताया जा रहा है कि शहर के अन्य दो स्थानों पर भी आग लगने की सूचना मिली थी, लेकिन सबसे अधिक नुकसान कंचनबाग की कबाड़ी दुकान में हुआ है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और चार फायर ब्रिगेड वाहनों की मदद से करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि आग की लपटें इतनी भीषण थीं कि पूरी दुकान जलकर खाक हो गई।

दमकल विभाग के अनुसार, आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, लेकिन लाखों रुपये के नुकसान की संभावना बताई जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि देर रात आग लगने के कारण आसपास के घरों में दहशत का माहौल बन गया था। कई लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और दमकल कर्मियों की मदद में जुट गए। प्रशासन ने आगजनी की घटना की जांच के निर्देश दिए हैं। फिलहाल नुकसान का आंकलन किया जा रहा है और आग लगने के कारणों की पुष्टि के लिए जांच जारी है।









































