
राजनांदगांव। वाहन फाइनेंस एवं बिक्री के नाम पर धोखाधड़ी करने के मामले में डोंगरगांव पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने आरोपी अभिषेक सिंह राजपूत को रायपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ राजनांदगांव सहित विभिन्न जिलों में धोखाधड़ी से संबंधित कई मामले और शिकायतें दर्ज हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की न्यायिक प्रक्रिया की गई।

पुलिस के मुताबिक प्रार्थी भागवतजीत साहू ने थाना डोंगरगांव में शिकायत दर्ज कराई थी कि मई 2024 में उसने वाहन लेने के संबंध में अभिषेक सिंह राजपूत से संपर्क किया था। वाहन फाइनेंस कराने के नाम पर आरोपी ने उससे आवश्यक दस्तावेज और आधार कार्ड गारंटर के रूप में लिया था। आरोप है कि बाद में आरोपी ने प्रार्थी की जानकारी के बिना उसके नाम पर एक्टिवा वाहन क्रमांक सीजी 08 बीए 4776 फाइनेंस करा लिया।
प्रार्थी को इस धोखाधड़ी की जानकारी तब हुई, जब बैंक से लोन भुगतान के संबंध में फोन आया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने उक्त वाहन को किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया और उसका नामांतरण भी करा दिया। वाहन ऋण की राशि का भुगतान नहीं होने के कारण प्रार्थी का सिबिल स्कोर प्रभावित हुआ तथा करीब 15 हजार रुपये ब्याज भी लग गया।
शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 287/2026 के तहत धारा 420 भादवि में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। विवेचना के दौरान आरोपी फरार हो गया और उसने मोबाइल फोन बंद कर लिया था। पुलिस ने तकनीकी जानकारी एवं लगातार पतासाजी के आधार पर आरोपी को 21 सितंबर 2026 को रायपुर से पकड़ा।
पूछताछ में आरोपी द्वारा वाहन बिक्री संबंधी घटना में संलिप्तता स्वीकार किए जाने की बात पुलिस ने कही है। आरोपी के कब्जे से महत्वपूर्ण दस्तावेज एवं वाहन बिक्री से संबंधित रिकॉर्ड बरामद किए गए। उसकी निशानदेही पर अर्जुनी स्थित होंडा शोरूम से दो वाहन बिक्री रजिस्टर भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध थाना डोंगरगांव में अपराध क्रमांक 151/2026 धारा 318(4) बीएनएस तथा अपराध क्रमांक 287/2026 धारा 420 भादवि के मामले दर्ज हैं। इसके अलावा थाना कोतवाली राजनांदगांव के साथ ही कोरबा और धमतरी जिले में भी विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। आरोपी की गिरफ्तारी की जानकारी मिलने के बाद अन्य शिकायतकर्ता भी थाने पहुंचे। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी डोंगरगांव एवं उप पुलिस अधीक्षक क्राइम के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर, सउनि देवकुमार रावटे, प्रधान आरक्षक सुरेश राजपूत, साइबर सेल के सउनि द्वारिका प्रसाद लाउत्रे, प्रधान आरक्षक बसंत राव, आरक्षक मनोज खुटे और मोहसिन खान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।










































