खैरागढ़: नाबालिगों को वाहन न चलाने की दी समझाइश, साइबर फ्रॉड से बचाव के उपाय भी बताए गए…

खैरागढ़, । खैरागढ़ पुलिस जिले के यातायात पुलिस दल द्वारा सड़क सुरक्षा और साइबर अपराध से बचाव के उद्देश्य से विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत पदुमलाल पुन्नालाल बक्शी स्कूल, खैरागढ़ में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 150 स्कूली छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने भाग लिया।

Advertisements

कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने नाबालिग विद्यार्थियों को वाहन न चलाने की समझाइश दी और बताया कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण होने के बाद ही वैध दस्तावेजों के साथ यातायात नियमों का पालन करते हुए वाहन चलाना चाहिए।

साइबर सुरक्षा जागरूकता के तहत विद्यार्थियों को APK ऐप, ऑनलाइन ठगी, एटीएम क्लोनिंग जैसी गतिविधियों से सतर्क रहने की सलाह दी गई। साथ ही बताया गया कि यदि किसी प्रकार की साइबर ठगी हो तो तत्काल टोल फ्री नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।

इसके अलावा पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को सड़क दुर्घटनाओं से बचाव, गोल्डन आवर में घायलों की मदद करने और पुराने वाहनों में एचएसआरपी नंबर प्लेट लगवाने के बारे में जानकारी दी।

पुलिस विभाग ने बताया कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम जिलेभर में निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि सड़क सुरक्षा और साइबर अपराध से बचाव को लेकर आम नागरिकों में जागरूकता बढ़ाई जा सके।