
राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के एकदिवसीय राजनांदगांव प्रवास के दौरान जिले में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़ा करने वाली घटना सामने आई है। चिखली पुलिस चौकी से महज 100 मीटर की दूरी पर दो अज्ञात युवकों ने एक दुकान में लूट की वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार चिखली पुलिस चौकी क्षेत्र में सड़क किनारे जूता-चप्पल एवं कपड़े की दुकान लगाकर जीवन-यापन करने वाले दुकानदार के पास खैरागढ़ रोड की ओर से दो युवक मोटरसाइकिल में सवार होकर पहुंचे। शाम करीब 5 बजे दोनों ने तेज रफ्तार में आकर मोटरसाइकिल रोकी, जिसके बाद एक युवक बाइक से उतरा और दुकान में घुसकर लूट की घटना को अंजाम दिया। वारदात के तुरंत बाद दोनों आरोपी मोटरसाइकिल से फरार हो गए।
घटना के समय आसपास मौजूद लोगों ने आरोपियों का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन तेज रफ्तार के चलते वे भागने में सफल रहे। पीड़ित दुकानदार ने चिखली पुलिस चौकी में घटना की सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मोटरसाइकिल सवार आरोपियों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
घटना मुख्यमंत्री के जिले में मौजूद रहने के दौरान होने से सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।









































