
लालबाग थाना पुलिस ने ट्रैक्टर से बैटरी, अल्टीनेटर और डीजल चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी गई कुल 11,450 रुपये की संपत्ति बरामद की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 15 दिसंबर 2025 को प्रार्थी ने थाना लालबाग में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसने 13 दिसंबर की शाम अपना ट्रैक्टर क्रमांक CG 08 AR 1423 घर के पीछे बाड़ी में खड़ा किया था। 14 दिसंबर की सुबह जब देखा तो ट्रैक्टर का बोनट खुला हुआ था और उसमें लगी बैटरी, अल्टीनेटर एवं लगभग 30 लीटर डीजल अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर लिया गया था। रिपोर्ट पर थाना लालबाग में अपराध क्रमांक 239/2025 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राहुल देव शर्मा एवं नगर पुलिस अधीक्षक आईपीएस वैशाली जैन के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार साहू के नेतृत्व में जांच की गई। घटना स्थल निरीक्षण के दौरान पुलिस को एक छोटा फिट पाना मिला, जिस पर गुलाबी रंग का नेल पेंट लगा हुआ था। इसी सुराग के आधार पर पूछताछ और मुखबिर सूचना पर संदेही किसन कुमार कंवर को हिरासत में लिया गया।
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर उसके घर से चोरी गई ट्रैक्टर की बैटरी, अल्टीनेटर एवं 10 लीटर डीजल कुल कीमत 11,450 रुपये बरामद किए गए। आरोपी ने शेष 20 लीटर डीजल अपने वाहन में उपयोग कर खर्च कर देने की बात भी कबूल की।
गिरफ्तार आरोपी का नाम किसन कुमार कंवर पिता भावसिंग कंवर, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम बरगा, थाना लालबाग, जिला राजनांदगांव बताया गया है। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक राजेश कुमार साहू, सहायक उप निरीक्षक ईश्वर यादव, अश्वनी यदु, आरक्षक कमल किशोर यादव एवं आरक्षक राकेश धुर्वे की भूमिका सराहनीय रही।









































