
राजनांदगांव। संत शिरोमणि गुरु घासीदास जी की 269वीं जयंती के शुभ अवसर पर राजनांदगांव में भव्य शोभायात्रा एवं जयंती समारोह का आयोजन किया गया। इस पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री माननीय श्री भूपेश बघेल जी के साथ डोंगरगढ़ विधायक हर्षिता स्वामी बघेल भी कार्यक्रम में सम्मिलित हुईं।

शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, सामाजिक संगठन एवं गणमान्य नागरिक शामिल हुए। पूरे नगर में उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान संत गुरु घासीदास जी के संदेशों—सत्य, अहिंसा, समानता और सामाजिक समरसता—को स्मरण करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया गया।

इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जी ने कहा कि संत गुरु घासीदास जी के विचार आज भी समाज को दिशा देने वाले हैं। वहीं विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने गुरु घासीदास जी के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने और सामाजिक एकता को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया।
जयंती समारोह शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं भक्ति भाव से संपन्न हुआ।









































