back to top

राजनांदगांव: खतरनाक स्टंट पड़ा भारी, नाबालिगों के साथ वाहन चलाने पर FIR दर्ज…

राजनांदगांव, 30 दिसंबर।सोशल मीडिया पर वायरल हुए खतरनाक वाहन स्टंट के वीडियो को गंभीरता से लेते हुए राजनांदगांव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। थाना बसंतपुर पुलिस ने वाहन मालिकों और चालकों के खिलाफ FIR दर्ज कर 5 वाहनों को जब्त किया है, जबकि 6 वाहन मालिकों व चालकों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

Advertisements


पुलिस के अनुसार इंस्टाग्राम पर वायरल वीडियो में कुछ वाहन चालक लोक मार्ग पर लापरवाहीपूर्वक और उतावलेपन से वाहन चलाते दिखाई दिए। वाहनों में सवार नाबालिग बच्चे वाहन के अंदर और बाहर खतरनाक तरीके से हरकत करते नजर आए, जिससे आम नागरिकों की जान को गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा था।


मामले में क्रेटा, जिप्सी, स्कॉर्पियो सहित कुल 6 वाहनों को चिन्हित किया गया। थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 611/2025 धारा 281, 285 भारतीय न्याय संहिता एवं मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184, 182(1)(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने 5 वाहनों को जब्त कर उनके चालकों को गिरफ्तार कर जमानत मुचलके पर रिहा किया है, जबकि एक आरोपी चालक की गिरफ्तारी शेष है। इसके साथ ही कार रेंटल प्रतिष्ठानों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।


मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में नाबालिग बच्चों की अलग से काउंसलिंग की। बच्चों को जिम्मेदार नागरिक बनने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न करने की समझाइश दी गई। वहीं अभिभावकों को यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा और संभावित दुर्घटनाओं के खतरों के बारे में जानकारी देकर सख्त हिदायत दी गई।


राजनांदगांव पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी नियम विरुद्ध या जोखिमपूर्ण वाहन संचालन दिखाई दे, तो तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर जन सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। पुलिस ने ऐसे मामलों की जानकारी देने वाले नागरिकों के सहयोग के लिए आभार भी जताया है।


इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बसंतपुर निरीक्षक एमन साहू, यातायात प्रभारी निरीक्षक नवरतन कश्यप सहित पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Advertisements

You cannot copy content of this page