राजनांदगांव: खेत में रखे 150 कट्टा धान जलाने के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार बसंतपुर पुलिस की कार्रवाई…

राजनांदगांव।थाना बसंतपुर पुलिस ने खेत में रखे 150 कट्टा धान को जलाकर नष्ट करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जले हुए धान की कीमत लगभग 1 लाख 86 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया है।

Advertisements


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थिया ने थाना बसंतपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 28 दिसंबर 2025 की रात करीब 8 बजे दिलीप साहू निवासी लखोली बैगापारा अपने साथियों के साथ खेत में रखे लगभग 60 क्विंटल धान (150 कट्टा) में आग लगाकर उसे जला दिया। घटना के बाद धान पूरी तरह नष्ट हो गया, जिससे प्रार्थिया को भारी नुकसान हुआ।
मामले में थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 609/2025 धारा 326(च), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राहुल देव शर्मा तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन और श्री पुष्पेन्द्र नायक के दिशा-निर्देशन में थाना प्रभारी बसंतपुर निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में टीम गठित की गई।


पुलिस टीम ने दबिश देकर मुख्य आरोपी दिलीप साहू (38 वर्ष) निवासी लखोली बैगापारा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उसने अपने साथियों महादेव कौशिक (34 वर्ष) एवं संतोष कुमार उर्फ राजू (34 वर्ष), दोनों निवासी मोहरा थाना बसंतपुर, के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया है। इस कार्रवाई में निरीक्षक एमन साहू, उप निरीक्षक इब्राहिम खान, महिला प्रधान आरक्षक मेनका साहू तथा आरक्षक प्रवीण मेश्राम एवं कुश बघेल की सराहनीय भूमिका रही।